मैं गधों से प्रेरणा लेता हूं, अखिलेश जी आप क्यों घबराते हो: नरेंद्र मोदी

लखनऊ। यूपी में अब 'गधा पॉलिटिक्स' शुरू हो गई है। अखिलेश यादव ने 'गुजरात के गधों' पर कमेंट किया था। आज नरेंद्र मोदी ने उसका करारा जवाब दिया है। नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बहराइच में रैली की। मोदी ने कहा, ''अखिलेशजी! गधे से घबराते क्यों हो? वह तो कई सौ किलोमीटर दूर है। गधे से भी प्रेरणा ली जा सकती है। पीठ पर चूना हो या चीनी, वह भेदभाव नहीं करता। काम करता जाता है। मैं भी उससे प्रेरणा लेता हूं, बिना छुट्टी काम करता हूं।'' 

जानवरों में भी जातिवाद
मोदी ने अखिलेश से कहा, ''आपकी जातिवादी मानसिकता जानवरों में भी जातिवादी देखने लगी। आपकी सरकार इतनी एफिशिएंट है कि अगर किसी की भैंस खो जाए तो पूरी सरकार लग जाती है। लेकिन अखिलेश जी गधा भी प्रेरणा देता है। गधा अपने मालिक के प्रति वफादार होता है। वो कम से कम खर्च वाला होता है। गधा कितना भी थका हुआ हो, लेकिन अगर मालिक काम लेता है तो वो पूरा करके देता है।'' 

''मैं सवा सौ करोड़ देशवासियों के लिए गधे से भी प्रेरणा लेकर काम करता हूं अखिलेश जी! और गधा उसकी पीठ पर चूना हो या चीनी हो, उसको फर्क नहीं पड़ता। ये तो करप्ट लोगों का काम है जो ये देखते हैं कि किस रंग की नोट टेबल पर आई है। गुजरात के लोगों से आपको नफरत है। महात्मा गांधी, सरदार पटेल और दयानंद सरस्वती यहीं से आते हैं। भगवान कृष्ण ने यहां से जाकर वहां बसना पसंद किया।''

आपने जिन्हें गले लगाया, उन्होंने गधे पर डाक टिकट निकाला
मोदी ने कहा, ''आपने जिनको गले लगाया है उनकी जब सरकार थी, उसी यूपीए सरकार ने 2013 में इन्हीं गुजरात के गधों का डाक टिकट निकाला था। अखिलेश जी वो गधा कितना महत्वपूर्ण होगा? अब आपको समझ में आ गया होगा।''

अाप तो गधे पर हमला करते हो
मोदी ने कहा, ''सब बड़े-बड़े लोग हमारे खिलाफ आ गए हैं। अखिलेश ने खुद माना है कि समझौता मजबूरी में किया गया है। कांग्रेस ओडिशा में हारी। आज महाराष्ट्र के नतीजे आ रहे हैं। वहां भी सूपड़ा साफ हो रहा है। अरे, आप ये क्यों नहीं समझते कि वो तो डूबे, तुम्हें भी ले डूबेंगे सनम। दो महीने पहले तक कांग्रेस कहती थी- 27 साल यूपी बेहाल लेकिन ये करने वाले और कहने वाले अब मिल गए हैं। अब यूपी का क्या होगा आप अंदाज लगा सकते हैं। चुनाव में आरोप-प्रत्यारोप होते हैं, ये स्वाभाविक है। हम आलोचना को प्यार से लेते हैं। लेकिन, मैं हैरान हूं, मोदी पर हमला करो चलता है, भाजपा पर हमला करो चलता है। लेकिन आप गधे पर हमला करते हो, मुझे ये समझ नहीं आ रहा है कि आप गधे से क्यों घबराते हो?''

कार का हॉर्न छोड़कर सब बजता है
मोदी ने कहा- अब तक तीन चरणों में जो मतदान हुआ वो भाजपा के पक्ष में है। पार्टियां वादे भी करती हैं और इरादे भी जताती हैं। लेकिन पांच साल का हिसाब देना होता है। क्या काम हुआ और कितना पैसा खर्च हुआ। आधा चुनाव हुआ लेकिन यूपी सरकार और सीएम अपने काम का हिसाब नहीं दे रहे हैं। उन्होंने जो वादे किए थे वो पूरे हुए क्या? आज भी किसी शर्म या संकोच के बिना कह रहे हैं कि काम बोलता है। एक नगर सेठ थे, उनके पास एक कार थी। उस कार का हॉर्न छोड़कर सब बजता था। इनका काम नहीं कारनामे बोलते हैं। जनता को हिसाब नहीं दे रही है ये सरकार।''

14 दिन में गन्ना किसानों को पैसे मिल जाएंगे
यूपी पूरे देश को मीठा कर देता है। लोकसभा चुनाव में मैंने गन्ना किसानों के पैसे देना का वादा किया था। लेकिन चीनी कारखानों के मालिकों से आपका क्या रिश्ता है? 11 मार्च को नतीजे आएंगे। 13 मार्च को देश होली के रंग में रंग जाएगा। हमने मेनिफेस्टो में वादा किया है कि जल्द से जल्द किसानों को भुगतान कर दिया जाएगा। इसके बाद जब सरकार बनेगी तो 14 दिन में भुगतान करने की व्यवस्था कर दी जाएगी। हमने कर्ज माफी का वादा किया है। उसे भी पूरा किया जाएगा।''

यहीं से जाकर सीएम बना था?
'मेरा बहराइच से पुराना नाता है। मैं यहां बीजेपी संगठन के लिए काम करता था। हर जिले में जाता था। एक बार मैं बहराइच पहुंचा। यहां संगठन की मीटिंग थी। अचानक अटलजी का संदेश आया। कहा- तुम जल्दी लौट आओ। मुझे जाना पड़ा। यहीं मेरी आखिरी मीटिंग हुई। इसके बाद में सीएम बना गुजरात का। बहराइच मुझे हमेशा याद रहेगा। मैं यूपी का सांसद हूं। यहां से मुझे भारी समर्थन मिला। यहां के सांसद के नाते मैं यहां की जनता से वादा करता हूं कि जब पहली मीटिंग होगी तो उसमें पहली ही मीटिंग में कर्ज माफी का फैसला हो जाए।''

यहां लाेग गायत्री मंत्र नहीं गायत्री प्रजापति के नाम का मंत्र पढ़ते हैं
मोदी ने कहा, ''हमारे यहां लोग शुभ काम करते हैं तो गायत्री मंत्र पढ़ते हैं। लेकिन यहां ये दोनों गायत्री प्रजापति के लिए वोट मांगते हैं और उनके नाम का मंत्र पढ़ते हैं। इन लोगों को सत्ता में आने का कोई हक नहीं है। बता दें कि गायत्री प्रजापति अखिलेश सरकार में मंत्री हैं। उन पर नाबालिग के सेक्शुअल हैरेसमेंट का आरोप लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने उन पर एफआईआर करने को कहा है। प्रजापति शिवपाल यादव के करीबी माने जाते हैं। पिछले साल सपा में विवाद के बाद अखिलेश ने उन्हें बर्खास्त कर दिया था। लेकिन मुलायम के दखल के बाद उन्हें बहाल कर दिया गया। इसी हफ्ते अखिलेश ने गायत्री के फेवर में चुनाव रैली की थी। गायत्री अमेठी के गौरीगंज से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

65 साल की महिला को तीन बार प्रसूता बता दिया
मोदी ने कहा, ''यहां रेत और बालू माफिया के अलावा शिक्षा माफिया भी सक्रिय है। ब्रम्हा की भूमि को लूट-खसोट की भूमि बना दिया। लेकिन उन्ही लोगों ने लूट लिया जिन पर बचाने की जिम्मेदारी थी। 65 साल की महिला को तीन बार प्रसूता बताकर पैसा लूट लिया गया। इंदिरा जी ने सरयू नदी परियोजना शुरू की थी। 40 साल में ये पूरी नहीं हुई। हम सत्ता में आए तो ये परियोजना फौरन पूरी करने का काम करेंगे। ताकि यहां के किसानों का भाग्य बदले। यूपी में कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। यूपी में आज दिन में भी बहन-बेटी घर से निकलने में डरती है। राम और कृष्ण की इस भूमि में कैसे हो सकता है। हर थाने को समाजवादी पार्टी का दफ्तर बना दिया है। छोटा से हवलदार अगर इमानदारी से काम करेगा तो लखनऊ से ऑर्डर आएगा और उसक नौकरी चली जाएगी।''

गुजरात के गधों के बारे में क्या बोले थे अखिलेश?
अखिलेश यादव ने गुजरात टूरिज्म को प्रमोट करते अमिताभ बच्चन के एक टीवी कमर्शियल के बहाने नरेंद्र मोदी पर चुटकी ली थी। बीते सोमवार को रायबरेली के ऊंचाहार में एक रैली में उन्होंने कहा, ''एक गधे का विज्ञापन आता है। मैं इस सदी के सबसे बड़े महानायक (अमिताभ) से कहूंगा कि आप गुजरात के गधों का प्रचार मत कीजिए। जिन्होंने ऐड देखा होगा वो जानते होंगे। कभी गधों का भी प्रचार होता है क्या? गधों का भी विज्ञापन आने लगेगा तो क्या होगा?

बता दें, अमिताभ गुजरात टूरिज्म के एम्बेस्डर हैं। इसके लेटेस्ट ऐड में अमिताभ बच्चन अहमदाबाद के नजदीक मौजूद वाइल्ड एेस पार्क को प्रमोट करते नजर आते हैं। इस वाइल्ड पार्क में 4500 गधे हैं। करीब एक मिनट के ऐड में अमिताभ को यह कहते हुए सुना जा सकता है, ''अगली बार कोई आपको गधा कहे तो बिल्कुल बुरा मत मानिएगा, बल्कि उसे थैंक यू कहिएगा। मैं बताता हूं क्यों? गुजरात का सरताज, इंडियन वाइल्ड ऐस। ये जनाब पूरी दुनिया में सिर्फ यहीं मिलेंगे। अहमदाबाद से डेढ़ घंटे दूर।'' 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !