सुधीर ताम्रकार/बालाघाट। परिवहन विभाग में बड़ी लापरवाही सामने आई है। आरटीओ ने वाहन मालिकों से पिछले 16 साल से टैक्स नहीं वसूला। यह बकाया बढ़ते बढ़ते 10 करोड़ रुपए से ज्यादा हो गया। अब विभाग कुर्की की कार्रवाई करने जा रहा है।
जिले में वाहन मालिकों पर परिवहन विभाग के यात्री एवं गुड्सकर का 10 करोड 22 लाख 50 हजार रूपये से ज्यादा बकाया है। यह राशि सन 2000 से 2016 तक के अंतराल तक की है। इसकी वसूली के लिये जिले में पदस्थ रहें जिला परिवहन अधिकारियों ने कोई ध्यान नही दिया लेकिन अब बकायादारों पर सख्ती से राशि वसूली की जायेगी और उनकी संपत्ति भी कुर्क की जायेगी।
संभागीय परिवहन उपायुक्त गोपालशाह मरावी ने कल जिला परिवहन कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होने निरीक्षण के दौरान आदेशित नियमों पर पालन ना किये जाने पर नाराजगी जाहिर की उन्हाने अवगत कराया की केन्द्रीय मोटरयान अधिनियम 1989 के नियम 4 में विहित शर्तो का जिला परिवहन कार्यालय में पालन नही किया जा रहा है जिनका परिपालन कराये जाने के लिये उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिये।