
जानकारी के अनुसार, उज्जैन में मंगलवार की रात से मुहर्रम का जुलूस निकला शुरू हुआ था। रात भर शहर में शांति रही, लेकिन बुधवार सुबह तोपखाना क्षेत्र में एक ही समुदाय के दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ता देखकर राहुल राव नाम का पुलिसकर्मी बीच-बचाव करने के लिए पहुंचा था।
इस दौरान विवाद कर रहे कुछ लोगों ने राहुल को घेर लिया और उसकी पिटाई करना शुरू कर दी। राहुल की पिटाई होती देखकर कुछ पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उसकी जान बचाई। राहुल को घायल हालत में माधव नगर अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं, दो पक्षों में हुए विवाद में घायल एक युवक का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस विवाद के बाद भारी सुरक्षा के बीच जुलूस निकाला गया। फिलहाल दोनों पक्षों की तरफ से पुलिस थाने पर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।