
गुंटूर के पालनाडु क्षेत्र में एक पखवाड़े से भी कम समय में दूसरी बार भारी बारिश हुई है। यहां 22.8 सेंमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस वजह से कई नदियां उफान पर हैं और कई जगहों पर बाढ़ का पानी घरों में जमा हो गया है। आसपास के कई गांवों से संपर्क टूट गया है।
रेललाइन पर जलभराव के चलते नादिकुदी-गुंटूर सेक्शन में कई ट्रेनें रद कर दी गईं और कई ट्रेनों के मार्ग बदल दिए गए हैं। क्रोसुरू में नदी पर बने पुल के ऊपर बह रहे पानी में एक बस फंस गई। स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से यात्रियों को बस से सुरक्षित निकाला।
इस बीच मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने बारिश और बाढ़ से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कुर्नूल, प्रकासम, गुंटूर, कृष्णा और पूर्वी गोदावरी के जिला अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा।
साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए दो हेलीकॉप्टरों को तैयार रखने का भी निर्देश दिया। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार तक वर्षा जारी रह सकती है।