श्रीनगर। हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी बुरहान वानी के मारे जाने के बाद कश्मीर घाटी में भड़की हिंसा में अब तक कुल 33 सौ से अधिक सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं। बीते आठ जुलाई को बुरहान वानी सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि जुलाई, 2016 से जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के 3,329 सुरक्षाकर्मी घाटी में कानून-व्यवस्था बरकरार रखते हुए घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से कई सुरक्षाकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं। जबकि जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो जवान मारे गए हैं। वानी के मारे जाने के बाद से घाटी में 1,109 हिंसक झड़पें हुई हैं और 1,030 प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।
पुलिस और सेना के केंंप पर उपद्रवियों के हमले लगातार जारी हैं। इसके अलावा कश्मीर में पहुंच रहे टूरिस्ट को भी निशाना बनाया जा रहा है। वहां हालात अब सामान्य नहीं है। तनाव तेजी से बढ़ता जा रहा है।