विधानसभा में गूंजा सिंहस्थ घोटाला, लेकिन चर्चा नहीं हुई

भोपाल। मप्र विधानसभा में एक बार फिर सिंहस्थ घोटाले की गूंज सुनाई दी। कार्यवाहक नेता प्रतिपक्ष समेत कई कांग्रेसी विधायकों ने मामले को जोरशोर से उठाया लेकिन सत्ता पक्ष की ओर से इसका विरोध किया गया और विधानसभा अध्यक्ष ने इस मामले को असामयिक बताकर इस पर चर्चा कराने से इंकार कर दिया। 

सिंहस्थ के भ्रष्टाचार के मुद्दे को आज प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने विधानसभा में उठाने का प्रयास किया। नेता प्रतिपक्ष बाला बच्चन, रामनिवास रावत, डॉ. गोविंद सिंह और मुकेश नायक ने आरोप लगाया कि सिंहस्थ में काफी भ्रष्टाचार हुआ है। निर्माण कार्यों में भी अनियमितताएं हुई हैं। इसलिए सिंहस्थ के भ्रष्टाचार पर चर्चा कराई जाना चाहिए।

वहीं सत्ता पक्ष की ओर से मंत्रियों डॉ. नरोत्तम मिश्रा, गोपाल भार्गव ने विपक्ष की इस मांग पर कड़ी आपत्ति की। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। कहीं कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. शर्मा ने भी सिंहस्थ आयोजन में अनियमितताओं के मामले को असामयिक बताया और कहा कि इस पर चर्चा नहीं कराई जा सकती। जब सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही ओर से हंगामा होने लगा तो स्पीकर ने सदन की कार्यवाही को दस मिनिट के लिए स्थगित कर दिया।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !