पटना। हाजीपुर में एक महिला को 2 भाई साझा पत्नी बनाकर रखना चाहते थे। मना किया तो उसे बुरी तरह पीटा गया। लोहे की जंजीरें डालकर बंद कर दिया गया। दरवाजे में करंट दौड़ा दिया गया। वो मदद मांगने अपनी सास के पास पहुंची तो सास ने कहा कि भलाई चाहती हो तो उनकी बात मान लो।
उक्त महिला की शादी 9 महीने पहले हाजीपुर के रामभ्रद निवासी अशोक राय से हुई थी। छोटे भाई से रिश्ता तय होने के बाद धोखे से उसकी शादी बड़े भाई के साथ कर दी गई थी। इंदू ने इसका विरोध किया तो ससुरालवालों ने उसे बेरहमी से पीटा। छोटे और बड़े दोनों भाई उसे पत्नी की तरह रखना चाहते थे, लेकिन महिला को यह मंजूर नहीं था। अशोक पहले से ही शादीशुदा है। उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई है। सास ने भी इंदू से कहा कि उसके पास दोनों की पत्नी बनकर रहने के अलावा कोई चारा नहीं है।
रोज होती थी महिला की पिटाई
महिला ने इससे इंकार किया तो उसे रोज-रोज पीटा जाने लगा। पिटाई के दाग उसके शरीर पर अब भी मौजूद हैं। प्रताड़ना से तंग आकर उसने कई बार भागने का प्रयास किया, लेकिन हर बार पकड़ ली गई। परिजनों ने कई बार उसकी विदाई करानी चाही, लेकिन ससुराल के लोगों ने इंकार कर दिया। इसके बाद ससुरालवालों ने उसे जंजीरों से जकड़ घर में बंद कर दिया। उसकी हर दिन पिटाई की जाती थी तथा जीने भर के लिए खाना-पानी दिया जाता।
अंतत: उसके घर वालों ने पुलिस एवं महिला हेल्प लाइन की मदद ली और बेटी को मुक्त कराया। उसे दरवाजा तोड़कर कमरे से निकाला गया। खाना नहीं दिए जाने से वह इतनी कमजोर हो गई थी कि वह चल भी नहीं पा रही थी।
