नईदिल्ली। बिहार के अतिसुरक्षित माने जाने वाले राज्य सचिवालय से 950 करोड़ से अधिक के चारा घोटाले की फाइलें चोरी हो गई हैं। घोटाले के बाद से चर्चा में आये पशु और मतस्य संसाधन विभाग से बड़ी संख्या में महत्वपूर्ण फाइलें पटना स्थित कार्यालय से चोरी हुई हैं। तीन अलमारियों का ताला तोड़ कर की गई फाइलों की चोरी के बाद विभाग ने मामला दर्ज कराया है जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
चोरी गयी फाइलों में वित्तीय अनियमितता से जुड़े कई साक्ष्य एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज बतौर अनुलग्नक होने के अनुमान हैं। सूत्रों की मानें तो चोरी गई फाइलों में घोटाले में कुछ नेताओं की संलिप्तता के साक्ष्य के अलावे कई पशु चिकित्सक एवं अराजपत्रित कर्मियों के विरुद्ध चल रही विभागीय एंव न्यायिक कार्रवाईयों से जुड़े कागजात भी हैं। पुलिस जल्द ही संबंद्ध लोगों से पूछताछ शुरु करेगी। मालूम हो कि चारा घोटाले में राज्य के पूर्व सीएम लालू प्रसाद समेत कई राजनीतिज्ञों का नाम है और सीबीआई मामले की जांच कर रही है।
