दूध के खाली पैकेट लौटाइए, 1 रुपया ले जाइए

पटना। दूध निकाल लिए जाने के बाद सुधा का पाउच अबतक कूड़ेदान की शोभा बढ़ाता है, लेकिन यह अब शायद कमाई का जरिया बन जाएगा। पर्यावरण संरक्षण को लेकर वन विभाग ने जो नई स्कीम बनाई है उससे यह संभव हो सकता है। ग्राहकों को दूध के दाम में राहत देकर जेब भरने के साथ पर्यावरण की सुरक्षा की भी प्लानिंग है।

यह है नई स्कीम
इस स्कीम में सुधा दूध के पाउच को डस्टबिन में फेंकने से रोकने के लिए अनूठी योजना तैयार की गई है। इसके तहत सुधा दूध का खाली पाउच वापस दुकान पर लौटाना होगा। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों को बचत भी होगी। इस योजना में एक लीटर वाला खाली पाउच लौटाने पर सुधा दूध के मूल्य में एक रुपए की राहत देने की योजना है।

इसी तरह आधा लीटर का पैकेट लौटाने पर 50 पैसे की राहत दी जाएगी। अगर दूध नहीं लेना हो तो नकद पैसे वापस किए जाएंगे। कॉम्फेड और वन विभाग दोनों में इस प्रस्ताव पर सहमति बन गई है। अब पाउच पर दो तरह के दाम प्रिंट होंगे। इसमें पाउच लौटाने वालों के लिए अलग दाम और नहीं लौटाने वालों के लिए अलग मूल्य प्रिंट होगा।

पाउच संग्रह की योजना अनूठी
वन एवं पर्यावरण विभाग के प्रधान मुख्य संरक्षक डीके शुक्ला ने बताया कि देश में बिहार पहला राज्य बनेगा जो सुधा दूध के पाउच का संग्रह कराएगा। इसके कई लाभ होंगे। सबसे बड़ा लाभ नगर निगम को मिलेगा क्योंकि नाले प्लास्टिक से जाम हो जाते हैं। खाली पाउच वापस करने पर नियत पैसे वापस हो जाएंगे या दूध लेने पर दाम कम हो जाएगा। खाली दूध पाउच के संग्रहण का जिम्मा दूध लाने वाले वाहन का होगा।

पाउच लौटाने वालों के लिए अलग दाम
सुधा डेयरी बिहार में एक दिन में नौ लाख लीटर दूध का उत्पादन करती है। एक साल में 32.85 करोड़ खाली पॉलीथिन थैलियां निकलती हैं। इस खाली पाउच का वजन एक साल में 14 हजार 122.5 क्विंटल होगा। शुक्ला ने बताया कि विभाग पौधरोपण के लिए प्रतिवर्ष 200 क्विंटल प्लास्टिक की थैलियों का इस्तेमाल करता है। अब पौधारोपण में प्लास्टिक इस्तेमाल के लिए कॉम्फेड 200 क्विंटल प्लास्टिक मुफ्त में उपलब्ध कराएगा। शेष बचे 13900 क्विंटल पॉली बैग को रिसाइकिलिंग यूनिट में भेजा जाएगा।

प्राप्त राशि को पर्यावरण से संबंधित कार्यों जैसे पौधरोपण, जागरूकता कार्यक्रम आदि में इस्तेमाल किया जाएगा। पॉली बैग नहीं लौटाने वालों से प्राप्त राशि का दस फीसद सुधा पार्लर तथा 90 फीसद कॉम्फेड को मिलेगा। दूध पाउच पर दो प्रकार के मूल्य छपे रहेंगे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!