घोड़ाडोंगरी में फंस गया शिवराज का विजयरथ

भोपाल। बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी विधानसभा उपचुनाव में सोमवार को रोड शो करने पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का विजयरथ रेत में फंस गया। उसे गांववालों ने जैसे-तैसे धक्का देकर बाहर निकाला। इस घटना से सीएम कुछ नाराज नजर आए।

भौंरा से शुरू हुआ मुख्यमंत्री का रोड शो घोड़ाडोंगरी विधानसभा के ग्राम बेहड़ा से फोफल्या के लिए रवाना हुआ था। यहां मोरंड नदी पर पुल नही हैं। लिहाजा लोग नदी के बीच से निकलते हैं। नदी की रेत में से वाहन निकलते समय वह धंस गया। जब काफी प्रयासों के बावजूद रथ रेत से नहीं डिगा, तब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह सहित वन मंत्री गौरीशंकर शेजवार, राजस्व मंत्री रामपाल सिंह और भाजपा प्रत्याशी मंगलसिंग रथ से उतर गए। उन्हें दूसरे वाहनों से मोरंड नदी पार कराई गई।

इस बीच भाजपा कार्यकर्ता करीब 30 मिनट तक रथ को रेत से बाहर निकालने में लगे रहे।मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई कि, रूट तय करते समय इसका ध्यान क्यों नहीं रखा गया। याद दिला दें कि मोरंड नदी पर पुल बनाने की मांग लम्बे समय से की जा रही है परंतु सरकार ने इस ओर कभी ध्यान नहीं दिया। आज सरकार के मुखिया का विजयरथ इसी नदी में फंस गया। 
If you have any question, do a Google search

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!