नई दिल्ली। चीन द्वारा आतंकी घोषित किए गए उइगर नेता डोल्कुन ईसा का वीजा भारत ने रद्द कर दिया है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चीन के विरोध के बाद वीजा को रद्द किया गया। ईसा भारत में एक कांफ्रेंस में शामिल होने के लिए धर्मशाला आने वाले थे। ईसा को फिलहाल जर्मनी ने शरण दे रखी है। इस वीजा को भारत का चीन को करारा जवाब प्रचारित किया जा रहा था।
पिछले दिनों मीडिया में खबर आई थी कि भारत ने ईसा को वीजा दिया है, जिस पर चीन ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने अप्रसन्नता जताते हुए कहा था कि चीन ने ईसा को आतंकी घोषित किया हुआ है, ऐसे में सभी देशों को उसे पकड़ने में मदद करनी चाहिए।
याद दिला दें कि जब भारत सरकार ने उइगर नेता का वीजा जारी किया तो इसे भारत का चीन को मुंहतोड़ जवाब पेश किया गया। 56 ईंच वाली लाइनें भी दोहराईं गईं। बताया गया कि जैसे चीन ने पाकिस्तानी आतंकवादी मसूद अजहर को वीजा देकर भारत को नीचा दिखाया था, यह उसका जवाब है।
