सिवनी। लोकायुक्त पुलिस ने खादी ग्रामोद्योग के सहायक प्रबंधक को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। लोकायुक्त पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर इस रिश्वतखोर अफसर को धर दबोचा।
जबलपुर लोकायुक्त पुलिस के अनुसार सहायक प्रबंधक घनश्याम सोनकुरे ने सीमा शर्मा नाम की महिला से लोन पास कराने के एवज में रिश्वत मांगी थी। सीमा ने रिश्वत देने के बजाए लोकायुक्त पुलिस को इसकी शिकायत कर दी।
शिकायत की तस्दीक करने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को रिश्वतखोर अफसर को पकड़ने की योजना बनाई। अधिकारी ने महिला को रिश्वत की रकम लेकर घर आने को कहा। महिला रिश्वत की राशि लेकर घनश्याम सोनकुरे सहायक प्रबंधन के घर पहुंची। जहां सीमा से पैसे लेते ही लोकायुक्त पुलिस की टीम ने उसे धरदबोचा। रिश्वतखोर अफसर के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
