
मुख्य सचिव एंटनी डिसा ने प्रदेश के आठ जिलों में सहरिया आबादी में टीबी रोग नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की शनिवार को समीक्षा की। समीक्षा के लिए हुई बैठक के दौरान पता चला कि गत तीन वर्षो में राज्य के शिवपुरी, श्योपुर कला, अशोक नगर, गुना, ग्वालियर, मुरैना, दतिया और विदिशा में करीब छह लाख सहरिया जनसंख्या में लगभग 15,000 टीबी रोगी पाए गए हैं। इन रोगियों को निर्धारित उपचार पद्घति का लाभ मिल रहा है।
बैठक में यह जानकारी दी गई कि देश में जहां औसतन 216 टीबी रोगी प्रति एक लाख की आबादी में पाए जाते हैं, वहीं सहरिया क्षेत्र में यह आंकड़ा 3,000 के आसपास है। इस तरह की बिमारियों के लिए ऐसी परिस्थितियां और जीवन-शैली जिम्मेदार हैं, जिससे टीबी रोग का प्रसार होता है।
बैठक में मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, महिला-बाल विकास, आदिम-जाति कल्याण विभागों को संयुक्त रूप से इन क्षेत्रों में टीबी रोग नियंत्रण के लिए प्रयास तेज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा, “अभियान संचालित करके इस रोग की अधिकता पर अंकुश लगाने के प्रयास किए जाएं और विशेष पोषण आहार सहित अन्य उपायों से रोग पर नियंत्रण पाया जाए।”