अबोहर। पंजाब के अबोहर में दो युवकों के हाथ-पांव काट दिए गए। दोनों पर 3 दिसंबर को रेप का केस दर्ज हुआ था। इनमें से एक का इलाज के दौरान अमृतसर में मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है।
दोनों युवक भीम और जंटा, शिवलाल डोडा के शराब कारोबार से जुड़े थे। कुछ समय पहले वहीं के एक दूसरे शराब कारोबारी गुट के साथ उनकी रंजिश हो गई। इसी दरमियान 3 दिसंबर को थाना सिटी में एक महिला ने भीम और जंटा के खिलाफ रेप का केस दर्ज कराया। शुक्रवार को भीम और जंटा के विरोधी गुट ने उन्हें समझौते के लिए डोडा के फार्महाउस पर बुलाया। जैसे ही भीम व जंटा फॉर्महाउस पहुंचे, वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बंधक बना लिया। फिर भीम के दोनों हाथ और दोनों पांव काट दिए। जबकि जंटा का एक पांव और एक हाथ काटा। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।