नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप: एक ही दिन में 4 स्वर्ण

भोपाल। जयपुर में हुई नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में मप्र राज्य अकादमी भोपाल की खिलाड़ियों ने एक ही दिन में चार स्वर्ण और एक रजत समेत पांच पदक जीते। यह पहला मौका है जब प्रदेश की शूटर्स ने एक ही दिन में राष्ट्रीय शूटिंग में इतने पदक जीते। भाेपाल की अनम बासित सीनियर व मनीषा कीर जूनियर वर्ग में चैंपियन रहीं। 

अनम बासित, मनीषा कीर और प्रगति दुबे। इन तीनों में कई समानताएं हैं। एक, ये तीनों मध्य प्रदेश की हैं। दूसरा, तीनों ही पूर्व अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज मनशेर सिंह की शिष्य हैं। तीन, तीनों ही भोपाल में निशानेबाजी अकादमी की स्टूडेंट हैं। तीनों ने ही शनिवार को जगतपुरा शूटिंग रेंज पर शुरू हुई 59वीं राष्ट्रीय शॉट गन चैंपियनशिप के ट्रैप वर्ग में तहलका मचा दिया।

अनम जहां ट्रैप के सीनियर वर्ग की चैंपियन बनीं तो मनीषा जूनियर वर्ग में। जूनियर वर्ग के फाइनल में तो मध्य प्रदेश की मनीषा और प्रगति ही आमने-सामने थीं। मनीषा चैंपियन बनीं जबकि प्रगति को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। क्वालिफाइंग में प्रगति 63 अंक के साथ नंबर-वन पर थीं। तीसरे स्थान पर तमिलनाडु की एन. निवेता रहीं।

क्वालिफाइंग में छठे नंबर पर थीं अनम
सीनियर वर्ग के क्वालिफाइंग में अनम 61 के स्कोर के साथ छठे नंबर पर थीं। पहली बार सीनियर में हिस्सा ले रही थीं। उनका मुकाबला शगुन चौधरी, श्रेयसी सिंह और सीमा तोमर जैसी अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजों था। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। सेमीफाइनल में श्रेयसी और अनम के बीच टाई हुआ। इसके बाद फाइनल हुआ जिसमें 2 अंक के अंतर से अनम ने श्रेयसी को हरा खिताब जीत लिया। कहती हैं, ‘पिताजी और मनशेर सर ने कहा था, किसी तरह का प्रैशर मत लेना। बस अपनी स्ट्रेंथ से खेलना। बस मैंने यही किया।’

कॉलेज ने नहीं दी इजाजत : अनम बासित
ट्रैप की चैंपियन बनीं मध्य प्रदेश की अनम बासित भोपाल के एमएलबी गर्ल्स कॉलेज में बी. कॉम फाइनल में पढ़ती हैं। अनम ने कहा, ‘मैं टीम के साथ नहीं आ सकी। कॉलेज ने इजाजत नहीं दी। 10 दिसंबर को पहले मैंने परीक्षा दी और उसके बाद 11 दिसंबर को यहां पहुंची और ऑफिशियल प्रैक्टिस की। थकान काफी थी तो प्रैक्टिस में बहुत अच्छा नहीं कर सकी। थोड़ा घबरा गई थी लेकिन कोच मनशेर ने कुछ टिप्स दिए और चैंपियन बन गई। इससे पहले दो साल कॉलेज ने कभी ऐसा नहीं किया। हमेशा बाद में परीक्षा ले ली जाती थी। इस बार कॉलेज ने कुछ नए नियम बनाए हैं। अगर मैं परीक्षा नहीं देती तो एक साल पीछे हो जाती।’

खेल विभाग में जश्न का माहौल
इधर भोपाल में खेल एवं युवा कल्याण विभाग में जश्न का माहौल रहा। स्वयं खेलमंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने फोन पर खिलाड़ियों से चर्चा कर बधाई दी और मप्र शूटिंग अकादमी के चीफ कोच ओलिंपियन मनशेर से बात की। उन्होंने मीडिया से भी चर्चा कर प्रदेश की बेटियों की उपलब्धियों को गिनाया। भोपाल में यह सभी खिलाड़ी गोरागांव बिखनखेड़ी स्थित शूटिंग अकादमी में अभ्यास करती हैं आैर सभी का निवास टीटी नगर स्टेडियम है। बिशनखेड़ी में ट्रेप और स्किट रेंज बनी हुई है। इसी के पिस्टल और रायफल शटिंग की रेंज भी मौजूद है। एक 10 मीटर पिस्टल व रायफल के लिए स्टेडियम में भी रेंज बनाई गई है।

रिजल्ट: ट्रैप (सीनियर महिला)
अनम बासित (मध्य प्रदेश) : स्वर्ण
श्रेयसी सिंह (बिहार) : रजत
राजेश्वरी कुमारी (पंजाब) : कांस्य
ट्रैप (जूनियर महिला)
मनीषा कीर (मध्य प्रदेश) : स्वर्ण
प्रगति दुबे (मध्य प्रदेश) : रजत
एन. निवेता (तमिलनाडु) : कांस्य

ट्रैप टीम (महिला जू.)
मध्य प्रदेश चैंपियन : प्रगति दुबे, मनीषा कीर और महिमा विश्वकर्मा की टीम चैंपियन बनी।
ट्रैप टीम (महिला सी.)
मध्य प्रदेश चैंपियन : अनम बासित, मनीषा कीर और शालिनी यशवंत की टीम विजेता रही।
स्किट (सीनियर महिला)
आरती सिंह राव (एयर इंडिया) : स्वर्ण
रश्मि राठौर (तेलंगाना) : रजत
सानिया शेख (छत्तीसगढ़) : कांस्य
स्कीट (जूनियर महिला)
महेश्वरी कुमारी (राजस्थान) : स्वर्ण
असीस छीना (पंजाब) : रजत
अरीबा खान (उत्तर प्रदेश) : कांस्य

स्कीट टीम (महिला सी.)
राजस्थान चैंपियन : श्रिया चौधरी, महेश्वरी कुमारी और दर्शिनी सिंह राठौर की टीम विजेता रही।
स्किट टीम (महिला जू.)
राजस्थान चैंपियन : महेश्वरी कुमारी, सर्वेश्वरी कुमारी और सांभवी कुमारी की टीम विजेता रही।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!