भोपाल। अध्यापक आंदोलन एक बार फिर अपने रंग में आने वाला है। दीपावली के दिन राजधानी में प्रदर्शन करने आ रहे अध्यापक जंबूरी मैदान में डेरा जमाएंगे। यह वही मैदान है जिसे शिवराज सिंह चौहान अपने लिए बहुत शुभ मानते हैं और उनका शपथ ग्रहण समारोह यहीं पर होता आया है।
अध्यापकों ने 25 सितंबर को राजधानी में बड़ा आंदोलन किया था। तब गिरफ्तार नेताओं ने किसी भी त्योहार के दौरान प्रदर्शन या आंदोलन नहीं करने का वादा किया था। इसी शर्त पर उन्हें जेल से रिहा किया गया था, लेकिन मांगें पूरी न होने पर अध्यापक एक बार फिर त्योहार पर शहर में आंदोलन के लिए आ रहे हैं। आजाद अध्यापक संघ के भोपाल संभाग अध्यक्ष रितुराज तिवारी ने बताया कि 9 नवंबर को अध्यापक भोजपुर मंदिर पर इकठ्ठा होंगे। यहां से 'वादा निभाओ पदयात्रा' शुरू होगी। यात्रा बंगसरिया और ग्यारह मील में रात्रि विश्राम कर 11 नवंबर को जंबूरी मैदान पहुंचेगी। यहां सभा होगी। जिसमें प्रदेशभर से अध्यापक, गुरुजी शामिल होंगे।
श्री तिवारी ने बताया कि आंदोलन खत्म करने के बाद 22 अक्टूबर को संघ पदाधिकारियों की मुख्यमंत्री से मुलाकात हुई थी। श्री चौहान ने दीवाली से पहले फिर से मुलाकात कर अध्यापकों की समस्याओं का निराकरण करने का वादा किया था, लेकिन सरकार की तरफ से कोई बात नहीं हुई है। संघ के पदाधिकारियों ने अध्यापक, गुरुजियों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।