शौचालय घोटाला: 36 घंटे से महिलाओं के कब्जे में पंचायत भवन

Updesh Awasthee
मंडला। यहां हुए शौचालय घोटाले के खिलाफ महिलाओं का आंदोलन तीव्र हो गया है। उन्होंने पंचायत भवन पर कब्जा कर लिया है और 36 घंटे से यहीं पर डटी हुईं हैं। आरोप है कि अधिकारियों ने 417 शौचालयों का निर्माण कागजों में ही कर डाला, महिलाएं अपना शौचालय मांगने के लिए यहां डटी हुईं हैं।

जानकारी के मुताबिक, जिले के बिछिया जनपद पंचायत क्षेत्र के तहत लफरा ग्रामपंचायत भवन में आक्रोशित महिलाओं ने मंगलवार सुबह से तालाबंदी कर दी। पंचायत के सामने प्रदर्शन कर रही महिलाओं से बातचीत के लिए बुधवार को पंचायत सचिव और जिले से आई जांच टीम गांव पहुंची थीं। जांच दल की समझाइश के बावजूद भी महिलाएं अपना आंदोलन खत्म करने के लिए राजी नहीं हुई।

ग्राम की महिलाएं समग्र स्वच्छता अभियान के तहत शौचालय निर्माण में हुए भ्रष्टाचार को लेकर आक्रोशित हैं। महिलाओं की मानें तो ग्राम के सरपंच सचिव ने जनपद के अधिकारियों से सांठगांठ कर करीब 417 शौचालय निर्माण कागज़ों में पूर्ण दर्शाकर लाखों रूपयों का बंदरबांट कर लिया है।

महिलाओं का आरोप यह भी है कि जिले में बैठे अफसर जांच के नाम पर सरपंच, सचिव और जनपद के अधिकारियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।

पंचायत के सामने प्रदर्शन कर रही इन्हीं महिलाओं ने बीते दिनों कलेक्ट्रेट कार्यालय का भी घेराव कर दिया था। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दोषियों के विरुद्ध तीन दिनों में कार्रवाई के आश्वासन पर महिलाओं ने अपना आंदोलन खत्म किया था। सात दिन गुजर जाने के बाद भी जब कोई अधिकारी उनके गांव नहीं पहुंचा तब आक्रोशित महिलाओं द्वारा यह कदम उठाया गया है। 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!