भोपाल। अध्यापक संयुक्त मोर्चा एवं मुख्यमंत्री की आज हुई मुलाकात का आधिकारिक प्रेसनोट मप्र शासन की ओर से जारी कर दिया गया है।
भोपाल समाचार को मिले प्रेसनोट में क्या कुछ लिखा है आप खुद पढ़ लीजिए:
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से अध्यापक संयुक्त मोर्चा का प्रतिनिधि-मंडल आज यहाँ मिला। प्रतिनिधि-मंडल ने अध्यापक संवर्ग की समस्याओं के निराकरण का अनुरोध किया। श्री चौहान ने प्रतिनिधिमंडल को उनकी समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस समय प्रदेश का किसान अभूतपूर्व संकट के दौर से गुजर रहा है। सरकार द्वारा किसानों की हर संभव सहायता के प्रयास किये जा रहे हैं। दूसरे कार्य रोककर किसानों की मदद की जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं पर भी शीघ्र विचार किया जायेगा।
प्रतिनिधि-मंडल का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष राज्य कर्मचारी संघ श्री जीतेंद्र राजपूत ने किया। इसमें अध्यक्ष गुरुजी संघ श्री राकेश पटेल, अध्यक्ष आजस अध्यापक संघ श्री भरत पटेल, अध्यक्ष संविदा शिक्षक संघ श्री मनोहर प्रसाद दुबे, कार्यकारी अध्यक्ष अध्यापक संविदा शिक्षक संघ श्री राकेश पाण्डेय, प्रदेश प्रवक्ता अध्यक्ष संविदा शिक्षक संघ श्री असीम शर्मा, शासकीय अध्यापक संघ के श्री जीतेंद्र शाक्य, महासचिव अध्यापक संविदा शिक्षक संघ श्री दिग्विजय सिंह, जिला सीहोर अध्यक्ष श्री सतीश त्यागी, सदस्य श्री राजेंद्र परमार, श्री अजीत यादव और श्री मुश्ताक खान शामिल थे।