अहमदाबाद। पुलिस ने आज पटेल आरक्षण आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल को उनके 35 समर्थकों के साथ वरछा क्षेत्र से हिरासत में ले लिया जो अधिकारियों से पूर्व अनुमति लिए बिना ‘एकता यात्रा' में शामिल होने की कोशिश कर रहे थे. सूरत के पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने कहा, ‘हमने हार्दिक पटेल को उनके 35 समर्थकों को आज उनकी रैली से पहले शहर के वरछा क्षेत्र में मंगध चौक से हिरासत में ले लिया.' अस्थाना ने कहा, ‘उन्हें कानून व्यवस्था के हित में हिरासत में लिया गया क्योंकि उन्होंने इस रैली में शामिल होने के लिए राज्य अधिकारियों से कोई अनुमति नहीं ली थी.'
हार्दिक पटेल को हिरासत में लिये जाने के बाद एहतियातन गुजरात के दो बडे शहरों अहमदाबाद व सूरत में अगले एक दिन के लिए राज्य के पुलिस महानिदेशक के आदेश पर इंटरनेट सेवा बंद कर दी गयी है. हार्दिक अभी सूरत में ही पुलिस हिरासत में हैं. पिछली बार जब हार्दिक ने आंदोलन किया था, तो इंटरनेट का काफी प्रयोग हुआ था. उससे अफवाहें भी फैली थी. इसलिए राज्य प्रशासन ने इस बार यह कदम उठाया है.

