शिवराज ने की अशोकनगर और शिवपुरी कलेक्टरों की खिंचाई

Updesh Awasthee
भोपाल। नौकरशाही की मनमानी से नाराज शिवराज सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान अपने सख्त रवैये से सबको परिचित करा डाला। उन्होंने वीसी के दौरान गपशप कर रहे शिवपुरी कलेक्टर को डांट पिलाई वहीं लापरवाही के एक मामले में उन्होंने अशोकनगर कलेक्टर का हटाने तक के संकेत दे दिए। ब्लास्ट के बाद झाबुआ के कलेक्टर एवं एसपी को हटाने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। यह आदेश कभी भी जारी हो सकते हैं। 

शुक्रवार को कांफ्रेंस शुरू होने के बाद मुख्यमंत्री एक-एक करके हर जिले व मामले की समीक्षा कर रहे थे, तभी अशोक नगर की बात आई। मुख्यमंत्री को बताया गया कि तीन उचित मूल्य की दुकानों पर एफआईआर दर्ज कराने को लेकर कलेक्टर आरबी प्रजापति ने गैरजिम्मेदाराना काम किया है। इस पर मुख्यमंत्री नाराज हो गए और कह दिया कि कलेक्टर नहीं सुन रहे तो उन्हें हटा दो। इसी बीच जिला पंचायत सीईओ से गपशप कर रहे शिवपुरी कलेक्टर राजीवचंद्र दुबे को भी खरी-खोटी सुननी पड़ी। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह यहीं नहीं रुके, राजधानी में सिटी बस में हुई रेप की घटना को भी उन्होंने शर्मनाक बताते हुए भोपाल एसपी को जमकर फटकारा। अशोकनगर कलेक्टर प्रजापति ने सफाई दी कि वे डेढ़ माह से छुट्टी पर थे, तो मुख्यमंत्री ने कहा-‘एडीशनल कलेक्टर को हटा दो।

हटाए जा सकते हैं, झाबुआ कलेक्टर-एसपी 
पेटलावद हादसे को एक बड़ी प्रशासनिक चूक मानने वाली राज्य सरकार अब झाबुआ कलेक्टर और एसपी को हटाने का मन बना रही है। इतनी बड़ी घटना के बावजूद कलेक्टर, एसपी पर कोई कार्रवाई नहीं होने से सरकार की किरकिरी हो रही है। आईएएस अधिकारियों की प्रस्तावित तबादला सूची में इन्हें भी शामिल किया जाएगा। शुक्रवार की वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री ने भी इस संबंध में संकेत भी दिए। 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!