इंदौर। लगभग चार दिन के ब्रेक के बाद मंगलवार को शहर में सांझ ढलते ही तूफानी बारिश शुरू हुई। 64 किमी की रफ्तार के साथ हवा और पानी के वेग ने लोगों को जहां खड़े थे, वहीं रोक दिया। रात 8.30 से 2.15 बजे तक साढ़े 7 इंच से ज्यादा बारिश हो गई। इंदौर में अब तक कुल (883.3 मिमी) लगभग 35 इंच बारिश हो चुकी है। शहर में देर रात हुई तूफानी बारिश से कलेक्टर पी नरहरि ने स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी।
इंदौर में 30 सितंबर तक होने वाली औसत बारिश 876.28 मिमी का कोटा 4 अगस्त को ही पूरा हो गया। मौसम विभाग के अनुसार रातभर में और तीन इंच बारिश होने के आसार तेज हवा चलने से तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई। अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस माइनस दो व न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस सामान्य से एक ज्यादा रिकॉर्ड हुआ।
125 घर डूब गए
रातभर बारिश की वजह से शहर के कई कॉलोनियों में पानी भर गया। नंदबाग कॉलोनी में बारिश के पानी में करीब 125 घर डूब गए। खान नदी और शहर के सभी नाले उफान पर आ गए, जिससे इसके आस-पास बने सभी घरों में पानी भर गया। कई इलाकों में लोगों को घरों की छतों के ऊपर रात बितानी पड़ी। उधर लिंबोदी गांव में नाला भरने से गांव में पानी घुस आया, यहां पुलिया भी पूरी तरह डूब गई।