भोपाल। पुलिस की लाठियां खाने के लिए भोपाल में एकजुट हुए युवक कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को पुलिस के डंडे तो पड़े ही, लेकिन इससे पहले युवक कांग्रेसी पानी में भी पिटे। पुलिस ने सीएम हाउस का घेराव करने आए राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा बरार, अजय सिंह सहित 3 दर्जन से अधिक कांग्रेसियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
व्यापमं घोटाले को लेकर युवा कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री निवास को घेरने के ऐलान के तहत आज रोशनपुरा पर कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा हुआ। बरसते पानी के बीच यहां विशाल पंडाल लगाकर सभा की गई। युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा बरार और नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के साथ अजय सिंह, विधायक गोविंद सिंह भी पहुंचे।
घेराव की कोशिश के दौरान आंसू गैस के गोले छोड़कर कार्यकर्ताओं को तितर बितर करने का प्रयास किया गया। कुछ कार्यकर्ताओं के घायल होने की जानकारी भी मिली है। सीएम हाउस जाने वाले सारे रास्ते बंद कर दिए गए हैं। इन रास्तों पर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सीएम हाउस की ओर बढ़ते ही बाणगंगा चौराहे पर विधायक रजनीश सिंह, नीलेश अवस्थी आदि को पुलिस ने खदेड़ा। इनमें आगे राजा बरार भी हैं। प्रदर्शनकारियों ने फायर ब्रिगेड के वाहन को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। इस दौरान कुछ विधायक बैरिकैड्स पर खड़े हो गए।
इससे पहले सभा के दौरान शोर कर रहे कांग्रेसियों को राजा बरार ने मंच से नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि हंगामा करने वालों ने प्रदर्शन को तमाशा बनाकर रख दिया। ऐसे लोगों को उठाकर बाहर फेंक देना चाहिये।
युवा कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए शहर के सीमावर्ती थानों पर वाहनों की जबरदस्त चेकिंग की जा रही है। वहीं रोशनपुरा और प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के आसपास भी पुलिस का खासा इंतजाम किया गया है।
जत्थों में युवा कांग्रेसी शहर में घूमते हुए रोशनपुरा पर जमा हुए। विधायक तरुण भनोत और नीलेश अवस्थी सहित कई नेता रोशनपुरा पर पहुंच गए हैं। इनके साथ हर्ष यादव, शैलेन्द पटेल ,सुखेन्द सिंह बना, कमलेश्वर पटेल, मधु भगत, रजनीश सिंह भी पहुंचे।