इंदौर/महू। साथियों के साथ पातालपानी में पिकनिक मनाने गए युवक की बुधवार दोपहर खाई में गिरने से मौत हो गई। वो फेसबुक पर अपलोड करने के लिए रेलवे ट्रैक पर पहाड़ी के किनारे खड़ा होकर फोटो खिंचवा रहा था। हादसे के बाद साथी भाग गए। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद शव को ऊपर लाया जा सका।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे युवकपहाड़ी के किनारे खड़े होकर फोटो खिंचवा रहा था। गिरते हुए वह एक चट्टान से टकराया और करीब तीन सौ फीट गहरी खाई में जा समाया। सूचना मिलने पर गांव का चौकीदार कुछ युवकों को लेकर खाई में उतरा और एक घंटे बाद शव को खोज पाए। इन लोगों ने बताया कि युवक झाड़ियों में घायल पड़ा था। उसकी सांसें चल रही थीं।
किसी तरह उसे ऊपर लाया जा रहा था कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना पर बड़गोंदा थाने के जवान व एसडीओपी अरुण मिश्रा पहुंचे। मृतक की जेब से निकले ड्राइविंग लाइसेंस से उसकी पहचान धर्मेंद्र पिता भगवान चौहान हजारीबाग झारखंड के रूप में हुई।
वहीं मतदाता परिचय-पत्र में उसका पता श्रीराम नगर लसूड़िया, भमोरी, इंदौर दर्ज था। मृतक की जेब से उसका मोबाइल भी मिला, जिसके आधार पर उसके परिजन की खोज की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक तीन साथियों के साथ आया था। सभी घटना से पहले शराब पी रहे थे।