रांची। झारखंड सरकार ने गिरिडीह के उप विकास आयुक्त एवं आईएएस दिनेश कुमार को हटा दिया है। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस बाबत आदेश दिया है। उन्हें कार्मिक विभाग में योगदान देने को कहा गया है। डीसी डॉ. मुकेश कुमार वर्मा ने उनसे प्रभार ले लिया है।
गौरतलब है कि एक कार्यक्रम के दौरान डीडीसी सार्वजनिक तौर पर स्टेज पर डांस में मशगूल थे। इस बाबत जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय ने संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डीडीसी को हटाने का आदेश दिया। आशंका जतायी जा रही है कि डांस में भाग लेने वाले भाजपा के जिलाध्यक्ष अशोक उपाध्याय पर भी पार्टी सख्त कार्रवाई करेगी।
फिल्म की शूटिंग के लिए सिने अभिनेता अली खान गिरिडीह आए थे। उन्होंने कहा कि ‘चिलखारी एक दर्द’ अच्छी फिल्म बनेगी और लोगों को यह पसंद भी आएगी। बुधवार को मुंबई लौटने के दौरान उन्होंने कहा कि गिरिडीह के लोग अच्छे हैं। वे मेहमान की इज्जत करना जानते हैं। यहां के लोगों से उन्हें काफी प्यार और स्नेह मिला।
फिल्मों की शूटिंग में नेताओं और नौकरशाहों का भाग लेना गलत बात नहीं है। मुंबई में फिल्मों की शूटिंग में नेता और अफसर भाग लेते रहे हैं। इस फिल्म की शूटिंग में गिरिडीह के नेताओं और पदाधिकारी ने भाग लिया। इसका गलत अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए। यदि फिल्म की कहानी की ऐसी मांग हो तो पदाधिकारी और नेता शूटिंग का हिस्सा बन सकते हैं।