भोपाल। बीते दिनों अशोकनगर में घोषित किए गए भाजपा नेताओं के निष्कासन को प्रदेश अध्यक्ष ने अवैध करार दिया है। बता दें कि जिला पंचायत चुनाव के दौरान भाजपा के तीन पूर्व विधायकों एवं एक पूर्व जिलाध्यक्ष को निष्कासित कर दिए जाने के समचार लोकल अखबारों में प्रकाशित हुए थे।
इस संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान ने भोपाल समाचार को बताया कि अशोकनगर के पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं के विरूद्ध अनुषासनहीनता के संबंध में जो निष्कासन की कार्यवाही की है वह अनुचित है। उन्होंने बताया कि लोकल समाचार पत्रों में यह जानकारी छपी है कि अशोकनगर के जिलाध्यक्ष ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को पार्टी से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। यह कार्यवाही उचित नहीं है। जिले के किसी भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता को निष्कासित करने का अधिकार प्रदेश संगठन को है न कि जिलाध्यक्ष को।
