इंदौर। शहर के 18 प्रमुख चौराहों पर लगे भाजपा के तमाम होर्डिंग्स से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान गायब हैं। मोदी और शिवराज के बाद सीधे प्रत्याशी के स्व. पति व प्रत्याशी का फोटो लगाया गया है और हो भी क्यों ना, जिसके नाम पर वोट ना मिले, उसका फोटो क्यों लगाएं।
नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा प्रचार युद्ध में जुटी है। चुनौती भले ही कड़ी न हो लेकिन आक्रामक प्रचार की रणनीति के तहत पोस्टर बैनर के साथ ही स्टार प्रचारकों को भी मैदान में उतारा जा रहा है। महापौर प्रत्याशी मालिनी गौड़ के समर्थन में जगह-जगह बैनर लगाए गए हैं।
इसमें प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ स्व. लक्ष्मण सिंह गौड़ और श्रीमती गौड़ के फोटो हैं। केवल प्रदेश अध्यक्ष का फोटो ही नदारद है। इसकी शिकायत जब भाजपा कार्यालय पहुंचे तो पड़ताल शुरू हुई। उधर कुछ भाजपा नेताओं ने ही इसकी शिकायत प्रदेश संगठन को करते हुए इससे गंभीर अनुशासन हीनता करार दिया है।
पार्टी ने नहीं लगवाए, किसी ने निजी बनवाए हैं
पार्टी ने बैनर-पोस्टर के लिए बकायदा गाइड लाइन बना दी है। वरिष्ठ नेताओं ने पूरा ध्यान रखा है। प्रदेश अध्यक्ष के बिना जो बैनर लगाए गए हैं वह भाजपा ने नहीं लगवाए हैं, किसी ने निजी तौर पर लगा दिए होंगे।
कैलाश शर्मा, नगर अध्यक्ष भाजपा
