भोपाल। बिलखिरिया इलाके में 8वीं की एक छात्रा ने पड़ोसी महिला से तंग आकर आत्मदाह कर लिया। आरोपी महिला अपने एक परिचित से शादी करने का मासूम पर दबाव बना रही थी। 90 फीसदी जली हालत में तीन दिन से अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही किशोरी ने यह खुलासा पुलिस को दिए बयान में किया है।
बिलखिरिया पुलिस के मुताबिक कोकता नंबर-1 निवासी कविता इरपाचे (14) पिता जमना प्रसाद इरपाचे 8वीं की छात्रा है। उसे 24 दिसंबर को गंभीर हालत में परिजनों ने हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया। वह करीब 90 फीसदी जल चुकी है। पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि पड़ोस में रहने वाली आंटी कविता अहिरवार (25) पत्नी नर्मदा अहिरवार कई दिनों से उसे प्रताड़ित कर रही थी। उस पर एक लड़के से शादी करने का दबाव बना रही थी। उससे परेशान होकर उसने खुद को आग लगा ली। पुलिस ने कविता अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस उस युवक की तलाश कर रही है, जिससे शादी के लिए मासूम को प्रताड़ित किया जा रहा था।