भाजपा: हुई सदस्यता अभियान की जमीनी शुरूआत, पढ़िए पूरे प्रदेश में कहां क्या हुआ

भोपाल। भाजपा में सदस्यता महाअभियान के लिए संभागीय कार्यशालाएं आरंभ हो गईं हैं। शुरूआत शिवपुरी से हुई है। इसके बाद पूरे प्रदेश में आयोजन होंगे। भाजपा के विभिन्न मोर्चों से खबर आ रही है कि वो सदस्यता अभियान के लिए जुट गए हैं। विस्तार से पढ़िए पूरे मध्यप्रदेश में कहां क्या हुआ:—

सदस्यता महाअभियान की संभागीय कार्यशालाएं आरंभ

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता महाअभियान की संभागीय कार्यशालाएं प्रदेश भर में जोर शोर से आरंभ हो गयी है। सदस्यता महाअभियान के नियंत्रण कक्ष प्रभारी श्री तपन भौमिक ने बताया कि शिवपुरी में श्री रघुनंदन शर्मा ने समीपवर्ती जिलों की कार्यशाला में सदस्यता महाअभियान की प्रक्रिया का प्रेजेन्टेशन देते हुए बताया कि कार्यशालाएं जिला स्तर से लेकर मंडल स्तर तक आयोजित की जा रही है।

16 दिसंबर को इंदौर में आयोजित कार्यशाला को प्रदेश संगठन महामंत्री श्री अरविन्द मेनन, सागर में श्री विजेन्द्रसिंह सिसौदिया, छतरपुर में श्री अरविन्द भदौरिया, संबोधित करेंगे। 17 को रतलाम में श्री विक्रम वर्मा, 19 को उज्जैन श्री विनोद गोटिया, सिवनी श्री तपन भौमिक और 20 दिसंबर को भोपाल में आयोजित कार्यशाला को प्रदेश अध्यक्ष श्री नंदकुमारसिंह चौहान संबोधित करेंगे। 21 दिसंबर ग्वालियर श्री नंदकुमारसिंह चौहान, रीवा श्री अरविन्द मेनन, 22 नर्मदापुरम श्री कैलाश सारंग संबोधित करेंगे।

श्री तपन भौमिक ने बताया कि संभागीय कार्यशाला में पार्टी के जिलाध्यक्ष, महामंत्री, जिला सदस्यता प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और सदस्यता प्रभारी सहित वरिष्ठ कार्यकर्ता भाग ले रहे है। प्रदेश के सभी 56 संगठनात्मक जिलों और 756 मंडलों में भी कार्यशालाएं आयोजित की जायेगी। पार्टी का प्रदेश में 2 करोड़ 21 लाख सदस्यता का लक्ष्य पूर्ण करने के लिए कार्यशालाओं में समग्र प्रेजेंटेशन दिया जायेगा।


सदस्यता महाअभियान की सफलता हेतु सभी मोर्चा ने जमीनी स्तर तक जाकर अभियान को मूर्तरूप देना प्रारंभ किया
भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के समस्त 6 मोर्चे युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, अनसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति मोर्चा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा ने प्रदेश  में सदस्यता महाअभियान को मूर्तरूप देना प्रांरभ कर दिया है। सभी मोर्चें प्रदेश के जिला केन्द्र, मंडल केन्द्र पर सदस्यता महाअभियान के लिए बैठकें एवं कार्यक्रम आयोजित कर रहे है। मोर्चा द्वारा आयोजित प्रत्येक कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के द्वारा सदस्यता अभियान के लिए दिये गये टोल फ्री नंबर 18002662020 पर फोन कराकर प्रदेश की जनता को भारतीय जनता पार्टी के सदस्य बनाने का कार्य किया जा रहा है।

युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री अमरदीप मौर्य ने बताया कि मोर्चा ने 756 मंडलों में ‘‘आओं बनायें अपना मध्यप्रदेश’’ कार्यक्रम के तहत प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशनों एवं बस स्टाप पर स्टाल लगाकर सदस्यता अभियान को प्रारंभ किया है। मोर्चा 13 से 20 दिसंबर तक प्रदेश के समस्त विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कैंपस के बाहर युवाओं को भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बनानें के लिए कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती लता वानखेड़े ने बताया कि प्रदेश के 55 संगठनात्मक जिलों में ‘‘आओं बनायें अपना मध्यप्रदेश’’ कार्यक्रम के तहत सदस्यता महाअभियान के कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मोर्चा आगामी कार्यक्रमों के तहत नवमतदातावों को पार्टी का सदस्य बनानें की योजना पर कार्यक्रम करे। स्वंय सहायता समूह एवं प्रदेश में स्थित छात्रावासों तक पहुंचकर महिला मोर्चा भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता महाअभियान में अपना योगदान सुनिष्चित करेगा।

किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री बंशीलाल गुर्जर ने बताया कि मोर्चा ने सदस्यता महाअभियान के लिए प्रदेश की समस्त कृषि उपज मंडियों में सदस्यता अभियान को विधिवत प्रारंभ कर दिया है। ‘‘आओं बनायें अपना मध्यप्रदेश ’’ कार्यक्रम के तहत किसान मोर्चा मंडियों में चौपाल लगाकर भारतीय जनता पार्टी की किसान हितैषी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बताकर अधिक से अधिक संख्या में किसान वर्ग को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ने का अभिनव कार्य कर रहे है।

अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश खटीक ने बताया कि सदस्यता महाअभियान के लिए मोर्चा 13 दिसंबर से 22 दिसंबर तक संभागीय बैठकों का आयोजन कर रहा है। 23 दिसंबर को राजधानी भोपाल में मोर्चा के पदाधिकारी सदस्यता महाअभियान की आगामी रणनीति करनें के लिए विस्तार से विचार-विमर्श करेंगे। मोर्चा ने सदस्यता महाअभियान के लिए प्रदेश के जिला केन्द्रों पर एक-एक विस्तारक नियुक्त करनें का निर्णय लिया है। उन्होनें बताया कि इंदौर संभाग में एक लाख सदस्य एवं उज्जैन महानगर में 50 हजार सदस्य बनानें के लिए मोर्चा प्राण-पण से जुटा है।

अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री गजेन्द्रसिंह पटेल ने बताया कि सदस्यता महाअभियान के लिए 13 दिसंबर को इंदौर में संभागीय बैठक आयोजित की गयी। इंदौर संभाग में होने वाले सदस्यता महाअभियान में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गयी है। उन्होनें बताया कि 14 दिसंबर को जनजातीय विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होने वाले हाट बाजारों में सदस्यता महाअभियान का कार्यक्रम किया गया। 16 से 23 दिसंबर तक अनुसूचित जाति मोर्चा संभाग, जिला एवं मंडल स्तर की बैठकें आयोजित करेगा एवं 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटलबिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस अवसर पर प्रत्येक जनजातीय विधानसभा क्षेत्रों में 4 हजार लोगों को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाने का अभिनव कार्य करेगा।
अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हिदायतुल्लाह शेख ने बताया कि पार्टी के सदस्यता महाअभियान के लिए संभागीय बैठके पूरी कर ली गयी है। जिला एवं मंडल केन्द्रों पर शाम के समय चौपाल लगाकर श्री शिवराज सिंह चौहान सरकार की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी उपस्थित जनसमूह को दी जा रही है एवं पार्टी के टोल फ्री नंबर पर काल कराकर सदस्यों को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है, आगामी कार्यक्रम के तहत अल्पसंख्यक मोर्चा के वरिष्ठ नेता जिला केन्द्रों तक जाकर सदस्यता महाअभियान के लिए कार्यक्रम करेंगे।

कृषि ऊपज मंडियों में सदस्यता सम्मेलन की श्रृंखला आरंभ

भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि नब्बे के दशक में सत्ता में आने के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री श्री अटलबिहारी वाजपेयी ने फसल कर्ज पर ब्याज की दरें कम करनें का संकल्प किया। मध्यप्रदेश सरकार ने जीरों प्रतिशत ब्याज पर किसानों को कर्ज देना आरंभ कर दिया। फसलों के समर्थन मूल्य पर भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने अरबों रूपयें का बोनस देकर खुशहाली का मार्ग प्रशस्त किया। किसान मोर्चा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा दिये गये सदस्यता के लक्ष्य को पूरा करनें में निर्णायक भूमिका अदा करेगा। श्री बंशीलाल गुर्जर ने प्रदेश की 212 कृषि ऊपज मंडियों में पार्टी के किसान सम्मेलन की श्रृंख्ला का जावरा मंडी प्रांगण से शुभारंभ किया।

सदस्यता अभियान को लेकर मोर्चा के प्रदेश महामंत्री श्री रवीश चैहान चौहान ने भोपाल की करोंद कृषि ऊपज मंडी में आयोजित किसान सम्मेलन में किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में किसानी को लाभप्रद व्यवसाय बनाने की चिंता भारतीय जनता पार्टी सरकार ने की है, किसान भारतीय जनता पार्टी के मुरीद है। किसानों ने मोबाईल पर सदस्यता ली और कहा कि वे सपरिवार सदस्य बनकर भारतीय जनता पार्टी का मध्यप्रदेश में किसानों के बीच 31 लाख सदस्य बनाकर लक्ष्य पूर्ण करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पार्टी 2 करोड़ 21 लाख सदस्य बनाकर देश में सर्वाधिक सदस्यता का कीर्तिमान कायम करेगी। इस अवसर पर करीब 1100 किसानों ने मोबाईल नंबर डायल कर मौके पर सदस्यता क्रमांक प्राप्त की।

इस अवसर पर श्री भक्तपाल सिंह, श्री गोविन्द सिंह चौहान, श्रीमती श्यामा पाटीदार, श्री भागीरथ पाटीदार, श्री अशोक सोनी, श्री जीवन मैथिल, श्री कामता पाटीदार, श्री अशोक मीणा, श्री राजकुमार राजपूत, श्री सुनील चौहान, श्री राजेश, श्री दिनेश, श्री टीकाराम, श्री जसवन्त, श्री गयाप्रसाद, श्री रामनारायण जाट, श्री विजय, श्री खेमचन्द्र, श्री ज्ञानसिंह, श्री राजेश गौर ने सम्मेलन में सदस्यता दिलाने की कमान संभाली।

श्री बंशीलाल गुर्जर ने बताया कि प्रदेश की 254 कृषि ऊपज मंडियों में से 212 कृषि उपज मंडियों में भारतीय जनता पार्टी का प्राधान्य है, इनमें से 200 मंडियों में सोमवार को सम्मेलन के साथ सदस्यता अभियान में किसानों ने तीव्र रूचि ली है। 12 मंडियों में 17 दिसम्बर को सदस्यता अभियान आयोजित किये जायेंगे। आष्टा मंडी में श्री शंकरलाल, श्री पदमसिंह और श्री धर्मसिंह ने सदस्यता महाअभियान का संयोजन किया। नसरूल्लागंज मंड़ी में श्री हरीसिंह मीणा ने, औबेदुल्लागंज मंडी में श्री मोहन पटेल व श्री रघुनंदन शर्मा ने किसानों को सदस्यता की विधि समझाई।

मध्यप्रदेश कांग्रेस मुक्त प्रदेश का गौरव हासिल करेगा: श्री विजेन्द्र सिंह

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री विजेन्द्रसिंह सिसौदिया ने कहा कि विधानसभा, लोकसभा चुनाव के बाद सहकारिता क्षेत्र के चुनाव संपन्न हुए है। नगरीय निकाय के चुनाव में भी पिछले चुनावों की तरह भगवा परचम फहराया है। कांग्रेस इक्का दुक्का सीटों पर सिमट चुकी है। श्री विजेन्द्रसिंह सिसौदिया ने कहा कि देश में श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व ने प्रदेशो में भगवा परचम फहराया है। हाल के हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल कर कांग्रेस को सत्ता से खारिज कर दिया है। आगे घोषित होने जा रहे झारखण्ड और जम्मू कश्मीर के विधानसभा चुनाव में जनता ने बदलाव के संकेत दे दिए है। इन प्रदेश में कांग्रेस गठबंधन सरकारों में साझीदार रही है, लेकिन चुनाव की आहट के साथ कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर सरकार से दूरी हीं नहीं बनाई नेशनल कांफ्रेस की जूनियर पार्टी रहने के बाद भी नेशनल कांफ्रेस की गलतियां गिनाना शुरू कर दिया, लेकिन जम्मू कश्मीर की जनता कांग्रेस को माफ करने वाली नहीं है। जम्मू कश्मीर और झारखण्ड के चुनाव सिर्फ चुनाव नहीं है अपितु राजनैतिक परिवर्तन का बड़ा आयाम है जिसमें जनादेश भारतीय जनता पार्टी को मिलना तय माना जा रहा है।
श्री विजेन्द्रसिंह सिसौदिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सदस्यता महाअभियान 2014 से 2020 तक जोर शोर से आरंभ कर सदस्यता का विश्व रिकार्ड बनाने का संकल्प लिया है। मध्यप्रदेश में पार्टी ने 2 करोड़ 21 लाख सदस्यता का लक्ष्य रखा है और पार्टी के मोर्चा, प्रकोष्ठों ने मिशन के रूप में सारी शक्ति लगा दी है। साढ़े सात करोड आबादी वाले प्रदेश में इतना लक्ष्य पूर्ण कर भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेष को कांग्रेस मुक्त प्रदेश बनाने का गौरव प्राप्त करेगी।

महिला मोर्चा की गोष्ठियों में दिखी स्वर्णिम मध्यप्रदेश की झलक

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा आयोजित जिला संगोष्ठियों में वक्ताओं ने आओ बनाएं अपना मध्यप्रदेश की झलक प्रस्तुत की। महिला बाल विकास मंत्री श्रीमति माया सिंह ने भोपाल नगर में आयोजित विचार गोष्ठी में कहा कि गत 11 वर्षो में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने मध्यप्रदेश के माथे से बीमारू राज्य का कलंक धो दिया है। मध्यप्रदेश तीव्र गति से प्रगति करने वाला अग्रणी राज्य बन गया है। आपने पार्टी के सदस्यता अभियान को लोकतंत्र का क्रांतिकारी अनुष्ठान बताते हुए जन जन से अनुष्ठान में आहुति देने की अपील की।

मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमति लता वानखेडे ने छिंदवाडा में जिला संगोष्ठी का उदघाटन करते हुए कहा कि प्रदेश में राज्य सरकार ने निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर महिला सशक्तिकरण को नया आयाम दिया है। नतीजा यह हुआ कि महिलाएं निकायों में 54 प्रतिशत की भागीदार बनकर श्रेष्ठता साबित कर रही है। महिलाएं भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता का विस्तार कर देश को गौरवशली बनाने में योगदान करेगी। मोर्चा की प्रदेश महामंत्री श्रीमति भारती अग्रवाल ने रायसेन में महिला संगोष्ठी को संबोधित किया और बताया कि गत 11 वर्षो में मध्यप्रदेश ने विकास के कीर्तिमान गढ़े है। मध्यप्रदेश का आगामी स्वरूप वही होगा जिसका हम मिलजुलकर निर्माण करेंगे। सुश्री सरिता देशपाण्डे ने ग्वालियर में आओ बनाए मध्यप्रदेश विचार गोष्ठी की अध्यक्षता की। संगोष्ठी में पार्टी की सदस्यता की गयी। श्रीमति उमाशशि शर्मा ने धार में संगोष्ठी की अध्यक्षता की। प्रदेश महामंत्री श्रीमति भारती अग्रवाल ने बताया कि महिला मोर्चा प्रदेश में 25 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य पूर्ण करेगा। अगले माह 25 जनवरी राजामाता की पुण्यतिथि से मोर्चा सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में सदस्यता अभियान आरंभ करेगा और एक दिन में एक एक विधानसभा क्षेत्र में एक एक हजार सदस्य बनाए जायेंगे।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !