भोपाल। राज्य लोक सेवा आयोग के दायरे से बाहर वाली कनिष्ठ सेवा भर्ती परीक्षा के नियमों को राज्य सरकार सवा साल बाद फिर बदलने जा रही है। इस संबंध में व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने एक प्रस्ताव बनाकर मुख्य सचिव अंटोनी जेसी डिसा को भेजा है। इसके अनुसार अब वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकार, सहायक प्रोग्रामर, उपयंत्री (सिविल), पटवारी और पैरामेडिकल संवर्ग के पांच समूह बनाकर इनकी पात्रता परीक्षा अलग-अलग तय की जाएगी।
व्यापमं द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार तृतीय श्रेणी के पदों के विभिन्न कॉडर की पात्रता के अनुसार शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की जाएगी। उक्त नियमों में ग्रेज्यूएशन और पोस्ट ग्रेज्यूएशन स्तर शैक्षणिक योग्यता को आधार बनाया जाएगा। समूह एक में पोस्ट ग्रेज्यूएशन की शैक्षणिक अर्हता रखी गई है, वहीं चार अन्य समूहों में आने वाले पदों के लिए ग्रेज्यूएशन की शैक्षणिक पात्रता तय की गई है। इनकी परीक्षाएं ऑनलाईन और ऑफलाइन यानि दोनों माध्यम से व्यापमं ले सकेगा।
समूह एक से लेकर तीन तक 200 अंकों के दो प्रश्न पत्र रखे जाने का प्रस्ताव है। वहीं समूह 4 और 5 में 100 अंकों का केवल एक प्रश्न पत्र रखा जाना प्रस्तावित है। समूह 1 से 3 तक के लिए सामान्य तार्किक योग्यता, सामान्य ज्ञान, हिन्दी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान एवं कम्प्यूटर के लिए 100 अंक का एक प्रश्न पत्र और संबंधित विभाग के विषय के लिए 100 अंक का दूसरा प्रश्न पत्र रखा जाना प्रस्तावित किया है। वहीं समूह 4 में सामान्य अभिरूचि, सामान्य ज्ञान, हिन्दी, अंग्रेजी, कंप्यूटर और गणित विषय के लिए 100 अंकों का एक प्रश्न पत्र रहेगा। समूह 5 में कम्प्यूटर और गणित छोड़कर शेष विषय समूह 4 के शामिल होंगे। इसमें विज्ञान का विषय अतिरिक्त जोड़ा गया है। इसका भी 100 अंकों का प्रश्नपत्र रहेगा।
एक नजर 5 समूहों पर
समूह एक में वरिष्ठ कृषि अधिकारी, सहायक कृषि विकास अधिकारी, सहायक बीज प्रमाणीकरण, सहायक सांख्यिकी एवं मेडिकल सोशल वर्कर।
समूह दो में सहायक प्रोग्रामर, सहायक प्रबंधक, सहायक उद्यान निरीक्षक, खाद्य एवं औषधि निरीक्षक, पर्यवेक्षक महिला एवं बाल विकास, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी, जनसंपर्क सहायक एवं उद्योग निरीक्षक।
समूह तीन में उपयंत्री (सिविल), विद्युत यांत्रिकी, जूनियर इंजीनियर विद्युत वितरण कंपनी, राजस्व निरीक्षक एवं समकक्ष तकनीकी पद।
समूह चार में पटवारी, स्टेनोग्राफर, सहायक ग्रेड-3, आईटी आपरेटर, कम्प्यूटर आपरेटर, इलेक्ट्रिशियन, कैशियर और स्टोर किपर।
समूह पांच में रेडियोग्राफर, स्टाफ नर्स, फिजियोथेरेपिस्ट, एएनएम, दाई एवं सभी प्रकार के पैरामेडिकल संवर्ग के पद शामिल हैं।