सागर/दमोह। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने दावा किया है कि एस्सेल बिजली कंपनी में मुख्यमंत्री की हिस्सेदारी है। यादव ने यह बात शनिवार को भगवानगंज तिराहे पर चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा में सागर महापौर का टिकट 7 करोड़ में बिका है।यहां के कॉलोनाइजर एवं बिल्डर ने यह टिकट खरीदा है। महापौर का टिकट बिकने के कारण ही मुख्यमंत्री को बार-बार सागर आना पड़ रहा है। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में हर तरफ भ्रष्टाचार है। मुख्यमंत्री की सरकार अली बाबा और 40 चोरों की नहीं बल्कि अली बाबा और 4 हजार से ज्यादा चोरों की सरकार है। पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा ने कहा कि राजनीति में अब राजनीति के दलाल गए हैं। यह बात सागर में भाजपा के महापौर पद के प्रत्याशी के चयन से साबित होती है।
सभा को पूर्व विधायक गोविंदसिंह राजपूत सहित कई कांग्रेस नेताओं ने संबोधित किया। दमोह में उन्होंने कहा कि मप्र की भाजपा सरकार दिवालिया हो चुकी है। मजदूरों को नरेगा की मजदूरी नहीं मिल रही है। किसान खाद-बीज के लिए परेशान है।