भोपाल। राजधानी से सतना तक अब आप एयर टैक्सी से सफर कर सकते हैं। सतना के रहवासियों को भी अब दिल्ली एवं मुंबई उड़ानों का कनेक्शन मिल सकता है। वेंचुरा एयर कनेक्ट इस मार्ग पर टैक्सी सेवा शुरू कर रही है। गुरूवार से भोपाल-सतना एवं सतना-भोपाल एयर टैक्सी शुरू हो जाएगी।
कंपनी के स्थानीय प्रमुख नफीस सिद्दीकी के अनुसार इस मार्ग पर 9 सीटर एयरक्राफ्ट चलाया जा रहा है। इस मार्ग पर सप्ताह में तीन दिन उड़ान चलेंगी। उड़ान मंगलवार, गुरूवार एवं शनिवार को सुबह 11.45 बजे भोपाल से रवाना होकर दोपहर 1.15 बजे सतना पहंुचेगी। सतना से दोपहर 1.30 बजे रवाना होकर दोपहर 3 बजे भोपाल पहुंचेगी।
दिल्ली-मुंबई कनेक्शन मिलेगा
टैक्सी सेवा शुरू होने से सतना के नागरिकों को दिल्ली एवं मुंबई उड़ान का कनेक्शन मिल सकेगा। सतना से भोपाल आने के बाद एयर इंडिया एवं जेट एयरवेज की उड़ानों में दिल्ली या मुंबई जाने का विकल्प होगा। भोपाल-सतना उड़ान मे फिलहाल एक तरफ का किराया 6300 से 6922 रूपए तक होगा। टैक्सी का संचालन मप्र पर्यटन विकास निगम के सहयोग से किया जाएगा।