भोपाल। संजय पाठक के बाद कांग्रेस से नाराज चल रही महिदपुर की पूर्व विधायक सुश्री कल्पना परूलेकर ने भी आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। उन्होंने एक प्रेस कांन्फ्रेंस कर पाठक की तर्ज पर कांग्रेस के दिग्गजों को इसके लिए दोषी ठहराया।
इधर आप के जिला संयोजक विजय मिश्रा ने कहा कि सुश्री कल्पना परूलेेकर के राजनीति में अनुभवी हैं। उनके आने से निश्चय ही आम आदमी पार्टी को फायदा होगा। सुश्री परूलेकर ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, प्रेमचंद गुड्डू और अजय सिंह को दिग्विजय सिंह का पट्ठा करार देते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की बुरी हालत को लेकर वे सोनिया गांधी से लेकर राहुल गांधी सभी को बता चुकी हैं। मगर कोई सुनवाई नहीं हुई तो उन्हें कांग्रेस छोड़ना पड़ा।
उन्होंने कहा कि मप्र में माफिया राज चल रहा है। कल्पना ने यह स्पष्ट किया कि वे लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए आम आदमी पार्टी ज्वाइन नहीं की है, बल्कि मुद्दों की राजनीति के लिए आप में आई हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह शिवराज की गोद में बैठ गई है। सुश्री परूपलेकर ने कहा कि करप्शन जैसे मुद्दे पर यदि कांग्रेस नेताओं ने उनका साथ दिया होता, तो मप्र में हजारों करोड़ के घोटाले होने के बावजूद भाजपा की सरकार नहीं बनती।