मंडला। जिले में कार्यरत अध्यापक, संविदा शिक्षक और गुरूजियों का वेतन अब संकुल प्राचार्य द्वारा ही आहरित किया जायेगा। विगत दिवस सहायक आयुक्त डाॅ. संतोष शुक्ला ने सभी संकुल प्राचार्यो और बीईओ की बैठक आयोजित कर स्पष्ट कर दिया है कि मार्च माह से वेतन का आहरण बीईओ द्वारा नहीं किया जायेगा।
जिले को प्राप्त लगभग 13 करोड़ का आवंटन अब संकुल प्राचार्यो और पूर्व से आहरण संवितरण अधिकार प्राप्त प्राचार्यो को दिया जा रहा है। राज्य अध्यापक संघ के जिला शाखा अध्यक्ष ने बताया कि अध्यापकों को मार्च माह का वेतन नहीं मिला है यदि बी.ई.ओ. और संकुल प्राचार्यो ने सक्रियता नहीं दिखाई तो वेतन भुगतान में विलम्ब हो सकता है। यद्यपि सहायक आयुक्त ने संकुल प्राचार्यो और बी.ई.ओ. को निर्देशित कर दिया है कि 3 दिवस के अन्दर अध्यापकों की सेवा पुस्तिकाएं और एल.पी.सी. संकुलों में पहुंचा दी जायें और तत्काल वेतन आहरण सुनिश्चित किया जाये।
सहायक आयुक्त ने शिक्षक संवर्ग की सेवा पुस्तिकाएं भी संकुल प्राचार्यो को सौंपने को कहा है। जिला शाखा अध्यक्ष ने बताया कि अभी शिक्षकों का वेतन आहरण संकुल से होने में तकनीकी समस्याएं आ सकती हैं। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में मण्डला जिला इकलौता जिला है जहां संकुल व्यवस्था अब तक लागू नहीं हुई थी।