पुराने प्रेमी ने घरावालों के साथ मिलकर प्रेमिका को जिंदा जलाया

भोपाल। गांधीनगर इलाके में दो दिन पहले एक महिला को जलाने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि पूर्व प्रेमी ने परिजनों के साथ मिलकर उस पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में ले लिया है।

मामला एससी/एसटी से जुड़ा होने कारण पुलिस ने डायरी एजेके पुलिस को सौंप दी है। बडवई निवासी 21 वर्षीय युवती की शादी तीन साल पहले गोलू अहिरवार से हुई थी। शादी के बाद दहेज को लेकर पति से उसका विवाद होने लगा। महिला की शिकायत पर पुलिस ने दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज किया था। पति से अलग होने के बाद महिला मायके आकर रहने लगी। इसी दौरान सितंबर 2011 में वह सुनील गौड़ के संपर्क में आई।

सुनील ने शादी का झांसा देकर ज्यादती की। जब महिला ने शादी करने के लिए दबाव बनाया तो सुनील ने इनकार कर दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मई 2013 में दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था। सुनील के समझाने पर महिला ने कोर्ट में अपने बयान पलट दिए थे।

बताया गया है कि एक मई को सुनील की शादी होना है। शनिवार रात महिला के पिता का सुनील के परिजनों से इस बात पर विवाद हो गया कि उनकी बेटी को धोखा देकर शादी की जा रही है। विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने चलने को कहा। इस बीच महिला संदिग्ध हालत में जल गई। उसे 90 फीसदी जली हालत में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

महिला ने अपने बयान में पुलिस को बताया कि सुनील ने अपने पिता जगन्नाथ, चाचा उमराव, ताऊ खूबीलाल और भाई अनिल के साथ मिलकर केरोसिन डालकर आग लगा दी। पुलिस भी मामले को संदिग्ध मानकर चल रही है। माना जा रहा है कि सुनील की शादी से परेशान होकर महिला ने खुद को जलाया है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से सैंपल लिए हैं। महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एजेके पुलिस मामले की जांच कर रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!