भोपाल। कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह पर सुषमा स्वराज के साथ चुनाव फिक्सिंग का आरोप लगाया गया है। यह आरोप किसी और ने नहीं बल्कि कांग्रेस के ही प्रदेश सचिव जगदीश यादव ने लगाया है।
श्री जगदीश यादव यहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव को एक शिकायती पत्र देने आए थे। इसी दौरान उन्होंने मीडिया को बताया कि दिग्विजय सिंह ने जानबूझकर विदिशा से लक्ष्मण सिंह को टिकट दिलवाया है। वे भाजपा से मिले हुए हैं। उनके इशारे पर ही लक्ष्मण सिंह भाजपा में घूम-फिरकर वापस आए हैं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भी दिग्विजय सिंह ने भाजपा से डील की थी। इसके चलते कांग्रेस बुरी तरह हारी। श्री यादव ने बताया कि, उन्होंने दिग्गी के षड्यंत्रों का खुलासा करता एक खत सोनिया गांधी को भी भेजा है।
अब इस नये घटनाक्रम के बाद प्रदेश कांग्रेस में टिकट को लेकर जारी कलह खुलकर सामने आ गई है। दरअसल, जगदीश यादव मूलत: विदिशा के रहने वाले हैं और वे दिग्गी के घोर विरोधी माने जाते हैं। ऐसे में जबकि, वहां से दिग्गी के भाई लक्ष्मण सिंह को टिकट दिया गया है, लाजिमी है वे अपनी यह बात पचा नहीं पा रहे हैं।