भोपाल। राजधानी की महिलाओं ने मोदी में कोई इंट्रेस्ट नहीं दिखाया। भाजपा ने महिलाओं को मोदी से चर्चा के लिए चाय पर आमंत्रित किया था परंतु महिलाएं नहीं पहुंची, अंतत: खाली सीटें महिला मोर्चा की नेताओं ने भरीं।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हुई 'चाय पर चर्चा नरेंद्र मोदी के साथ' का सीधा प्रसारण शनिवार को भोपाल में छह स्थानों पर हुआ। ज्यादातर जगहों पर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के अलावा आम महिलाओं की संख्या कम रही। मुख्य आयोजन स्थल 12 नंबर स्टॉप सत्यसांई होस्टल पर ऑडियो सिस्टम की गड़बड़ी के कारण आधे घंटे तक मोदी क्या बोले, किसी को समझ में ही नहीं आया।
सीधे प्रसारण की व्यवस्था देख रही एजेंसी सिटीजन फॉर एकाउंटेबल गवर्नेंस के सिटी इंचार्ज पवन दुबे का कहना है कि दिल्ली में जहां से 'लाइव' हो रहा है, वहां तेज हवा चलने के कारण यह गड़बड़ी हो रही है। आधे घंटे बाद पता चला कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण आवाज में दिक्कत हुई। राजधानी में समता चौक, बीमाकुंज के पास, बैरसिया मेला ग्राउंड, लेक व्यू अशोका स्थित टॉप एंड टाउन तथा लक्ष्मी टॉकीज आनंद नगर पर स्क्रीन लगाए गए। मप्र में 77 स्थानों पर सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गई।