कांग्रेस छोड़ने से पहले दिग्विजय सिंह से बात की थी भागीरथ प्रसाद ने

shailendra gupta
भोपाल। मध्यप्रदेश में इन दिनों दिग्विजय सिंह समर्थकों की मिट्टी कुट रही है। भिंड से कांग्रेस का टिकिट मिलने के बाद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व आईएएस भागीरथ प्रसाद भी दिग्गी कोटे से नेताजी बने थे, वे लगातार दिग्विजय सिंह के संपर्क में भी थे परंतु उन्हें पूरा यकीन हो गया था कि अब दिग्विजय सिंह की मध्यप्रदेश में नहीं चलेगी और सिंधिया के साथ वो काम करना नहीं चाहते थे। इसीलिए उन्होंने बीजेपी छोड़ दी।

कांतिलाल भूरिया और अजय सिंह के बाद अब निचले स्तर के दिग्गी समर्थकों को भी बर्फ में लगाने की प्रक्रिया चल रही है। आरिफ अकील और गोविंद सिंह भी इसी लिस्ट में शामिल कर दिए गए हैं। इसके अलावा अजय सिंह जो सीधी से टिकिट मांग रहे थे, का टिकिट काटकर स्पष्ट संकेत दे दिए गए हैं कि मध्यप्रदेश कांग्रेस में दिग्गीराज खत्म हो गया है।

दिग्विजय सिंह भी इन दिनों अपने समर्थकों की मदद करने में पूरी तरह से असमर्थ हो गए हैं। वो खुद अपनी लाचारी बयां कर देते हैं। भागीरथ प्रसाद से हुई आखरी मुलाकात में भी दिग्विजय सिंह ने अपनी परेशानियों का इशारा कर दिया था, इसी के बाद भागीरथ प्रसाद ने यह निर्णय लिया और जिस गुटबाजी का आरोप लगाया, वह यही थी।

सत्यदेव कटारे को 'हिटलर' कहने वाले गोविंद सिंह दिग्विजय समर्थक हैं, वे लोक लेखा समिति के अध्यक्ष नहीं बन पाए। अब मुरैना से लोकसभा चुनाव लडऩा चाहते हैं। सूत्र बताते हैं कि भाजपा के कुछ नेताओं ने गोविंद सिंह से भी संपर्क किया था।

रीवा से सपा ने जिन पूर्व मंत्री राजमणि पटेल को उम्मीदवार घोषित कर दिया, वे भी दिग्विजय समर्थक हैं। अंतिम समय में पटेल सपा में जाने से मुकर गए, लेकिन उनकी नाराजगी की बात सामने आ ही गई। दिग्विजय के गृह क्षेत्र राजगढ़ से पहली सूची में उम्मीदवार घोषित न होना भी इस बात की पुष्टि करता है कि दिग्विजय की मर्जी के फैसले नहीं हो रहे। बताया जाता है कि दिग्विजय यहां से आमलावे को उम्मीदवार बनाने के पक्ष में नहीं हैं, जबकि इस क्षेत्र में करीब पौने तीन लाख मतदाता सौंधिया समाज के हैं।

बात यहीं खत्म नहीं होती विदिशा से टिकट न मिलने पर पार्टी छोडऩे वाली सीहोर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष उषा सिंह चौहान भी दिग्विजय समर्थक हैं। भोपाल से दिग्विजय समर्थक पीसी शर्मा भी कटारे के ग्रीन सिग्नल के बाद ही टिकट पाने में सफल हो पाए हैं, लेकिन इससे दिग्विजय के दूसरे समर्थक आरिफ अकील नाराज हो गए हैं। वे खुले आम नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे को नौसिखिया कह रहे हैं।

भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!