अजय सिंह ने दिग्विजय पर दागा सवाल

भोपाल। मप्र से 22 लोकसभा सीटों पर टिकट घोषित होने के बाद कांग्रेस में विरोध के स्वर तेज होते जा रहे हैं। विधायक आरिफ अकील के बाद पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भी टिकट वितरण पर नाराजगी जताई है। अजय सिंह ने तो यह भी कहा कि दिग्विजय सिंह को इस बारे में विचार करना चाहिए कि उनके समर्थकों में निराशा क्यों हैं? कांग्रेस में चर्चा है कि विरोध को देखते हुए एक-दो स्थानों पर उम्मीदवार बदले भी जा सकते हैं।

सोमवार को भोपाल पहुंचे पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मीडिया से चर्चा में कहा 'मैंने सीधी से टिकट मांगा था। अब यदि किसी अन्य सीट से पार्टी टिकट देगी तो मैं चुनाव नहीं लडूंगा। उन्होंने भोपाल से पीसी शर्मा के स्थान पर किसी अल्पसंख्यक को उम्मीदवार बनाने की विधायक आरिफ अकील की मांग का भी समर्थन किया।

जब उनसे यह पूछा गया कि आखिर क्या वजह है कि नाराजगी जताने वाले ज्यादातर नेता दिग्विजय सिंह के समर्थक हैं? क्या दिग्विजय समर्थक नाराज और निराश हैं? इस पर अजय सिंह ने कहा कि इस बारे में स्वयं दिग्विजय सिंह को विचार करना चाहिए।

अकील ने लगाया ब्राह्मणवाद का आरोप

भोपाल से पीसी शर्मा को उम्मीदवार बनाने का विरोध कर रहे विधायक आरिफ अकील ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी की कमान नौसीखियों के हाथ में है और वे ब्राह्मणवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। आरिफ ने नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे को दलाल बताया। उन्होंने कहा कि भोपाल में छह लाख अल्पसंख्यक मतदाता हैं, फिर भी ब्राह्मण नेता को टिकट दे दिया गया। उन्होंने दोहराया कि वे कांग्रेस में रहने या छोडऩे के बारे में एक-दो दिन में निर्णय करेंगे।

पटैरिया और राजेशनंदनी का भी विरोध

खजुराहो से राजा पटैरिया और शहडोल से राजेशनंदनी सिंह की उम्मीदवारी का भी विरोध हो रहा है। कांग्रेस विधायक मुकेश नायक, संजय पाठक और विक्रम सिंह सहित कुछ संगठन के पदाधिकारी पटैरिया की दावेदारी का विरोध कर रहे थे।

टिकट घोषित होने के बाद भी कई नेताओं ने संगठन के भीतर अपनी नाराजगी से अवगत करा दिया है। कहा जा रहा है कि पटैरिया को प्रदेश प्रभारी महासचिव मोहन प्रकाश से निकटता के आधार पर टिकट मिला है। शहडोल से मौजूदा सांसद राजेशनंदनी सिंह को भी स्थानीय स्तर पर विरोध का सामना करना पड़ रहा है। बताया जाता है कि इन दोनों टिकटों पर कांग्रेस पुनर्विचार कर रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!