भूरिया 8 दिसम्बर तक को सपना देख ही सकते हैं

भोपाल। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया के इस दावे पर चुटकी ली है कि कांग्रेस की बहुमत के साथ सरकार बनने जा रही है। तोमर ने कहा कि भूरिया ने कांग्रेस का चश्मा पहन रखा है और वे आठ दिसंबर तक सरकार बनाने का स्वप्न तो देख ही सकते हैं।

तोमर गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बहुमत के साथ बनने जा रही है। वे यह भी दावा करते हैं कि इस बार पिछली बार से ज्यादा सीटे मिलने जा रही है। उन्होंने कहा कि मतदान के बाद से रोजाना विधानसभा क्षेत्रों से फीड बैक लिया जा रहा है। एक सवाल के जवाब में तोमर ने कहा कि केवल मंत्रियों के क्षेत्र में ज्यादा मतदान नहीं हुआ है बल्कि कई क्षेत्रों में ज्यादा मतदान हुआ है। 

उनका कहना है कि ज्यादा मतदान का फायदा भाजपा को मिलेगा। उन्होंने प्रदेश में हुई वोट वृद्धि पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि भाजपा के प्रचार अभियान, मीडिया की जागरूकता और निर्वाचन आयोग द्वारा चलाये गये अभियान से मतदान बढ़ा है। तोमर ने कहा कि सभी संभागों एवं 230 विधानसभा तक भाजपा का चुनाव प्रचार पहुंचा एवं स्टार प्रचारकों के माध्यम से 470 से अधिक जनसभाएं मप्र में संपन्न हुई। 

उन्होंने कहा कि अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले पार्टी के बागियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इसके अलावा चुनाव में जिन लोगों ने पार्टी के लिए काम नहीं किया है उनके खिलाफ भी गुण-दोष के आधार पर शिकायत की जाएगी। तोमर ने माना कि जिन सीटों पर पार्टी के बागी खड़े होते हैं वहां चुनावी समीकरण तो प्रभावित होता ही है। तोमर ने कहा कि वे स्वयं अपनी भूमिका तय नहीं करते हैं। पार्टी नेतृत्व उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपता है वे उसका पूरी तरह निर्वहन करते हैं। उनसे सवाल किया गया था कि चुनाव नतीजे आने के बाद क्या उनकी भूमिका में कोई बदलाव आएगा।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!