भोपाल। बार बार भाई, भतीजे और साले की संपत्तियों का हिसाब मांग रहे अजय सिंह को अंतत: शिवराज सिंह चौहान ने जवाब दे ही दिया। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस के दामाद 'राबर्ट वढेरा' का हिसाब ले आइए और मेरे साले साहब का हिसाब ले जाइए। सनद रहे कि सीएम का यह जवाब भोपालसमाचार.कॉम की अपील के बाद आया। इससे पूर्व तक उन्होंने लगातार चुप्पी थाम रखी थी।
शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि मुझसे हिसाब मांगने वालों पहले सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वढेरा की संपत्ति का हिसाब पेश करो।
मुख्यमंत्री के तेवर आक्रामक थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है, जबकि मध्यप्रदेश में हमारी सरकार विकास का पर्याय बन चुकी है। पूरे देश में विकास के मामले में मध्यप्रदेश सरकार का मुकाबला नहीं है। यही कारण है कि शिवराज सिंह चौहान प्रदेश में अंगद के पांव की तरह जम गया है। मुख्यमंत्री ने अपने ऊपर लगे एक-एक आरोप का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि डंपर की बात करने वाले नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह अपने गिरेबान में झांकें कि उनके 11 डंपर उसी कंपनी में कैसे लगे हैं। मैंने लोन लेकर डंपर लगाए तो क्या पाप किया। इस मामले में अदालत ने भी मुझे क्लीनचिट दी है।
शिवराज ने कहा कि कांग्रेस के आरोपों पर हंसी आती है। उसके नेताओं पर दया आती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मैंने शादी क्यों की। क्या शादी करना पाप है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विदिशा में मेरी पत्नी ने वेयर हाउस बनाया है। इसमें भी कोई गलती नहीं की है, लेकिन कांग्रेस के लोगों को मुझमें और मेरे रिश्तेदारों में कमी नजर आती है।
शिवराज ने चुनौती देते हुए कहा कि मुझसे और मेरे रिश्तेदारों से हिसाब मांगने वाले कांग्रेसियों में यदि दम है तो सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वढेरा की संपत्ति का हिसाब मांगकर दिखाएं। उनके पास इतनी संपत्ति कहां से आई।
सिंधिया के खिलाफ इमोशनल कार्ड
शिवराज ने कहा कि कांग्रेस बौखला गई है। कांग्रेस के राजा-महाराजा मुझसे घबरा गए हैं। शिवराज ने पूछा कि क्या प्रदेश में सरकार चलाने का अधिकार राजा-महाराजाओं को ही है? क्या गरीब किसान का बेटा मुख्यमंत्री नहीं बन सकता? यदि एक किसान का बेटा अच्छी सरकार चला रहा है तो इनके पेट में क्यों दर्द हो रहा है।