भोपाल। राजधानी समेत प्रदेशभर में जिला स्तर पर काबिज पुलिस कंट्रोल रूम की डायल 100 सेवा जल्द ही प्रदेश पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) का हिस्सा होगी। अपराध की सूचना मिलते ही पुलिस को हरकत में लाने मुख्यालय स्तर पर डायल 100 का स्टेट कंट्रोल रूम (एससीआर) बनाने की कवायद चल रही है।
इस संबंध में गत सोमवार को डीजीपी नंदन दुबे समेत मुख्यालय के आला अफसरों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें पुलिस मुख्यालय को डायल 100 का स्टेट कंट्रोल रूम बनाने और प्रस्तावित योजना की कार्यप्रणाली को लेकर एक प्रजेंटेशन भी दिखाया गया। सूत्रों के अनुसार एससीआर में एक साथ ढेरों फोन काल्स सूने जा सकेंगे।
जिसमें प्रदेशभर के 50 जिलों से किए जाने वाले फोन सीधे पीएचक्यू में अटैंड किए जाएंगे। स्टेट कंट्रोल रूम के अधिकारी अपराध संबंधित जानकारियां व सूचनाएं दर्ज कर तत्काल संबंधित जिला पुलिस कंट्रोल रूम को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश देंगे।
महिला अपराध सैल भी
राजधानी के पुलिस कंट्रोल रूम में गत जनवरी 2013 से प्रदेश महिला अपराध सेल के टेलीफोन 1090 संचालित किया जा रहा था। जिसे पीएचक्यू स्थानांतरित किया जा रहा है। वर्तमान में पीएचक्यू परिसर में महिला अपराध सेल का काल सेंटर का काम चल रहा है। संभवत: अगस्त से इस सेल का काल सेंटर मुख्यालय में शुरू कर दिया जाएगा।