भाजपा की नगरपंचायत पर लहरा रहा है समाजवादी पार्टी का झंडा

आमिर खान/टीकमगढ़। इन दिनों शहर में नगर पंचायत कार्यालय चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि नगर पंचायत निवाड़ी में आसीन नपं. अध्यक्ष रमेश निराला भारतीय जनता पार्टी के बैनर तले जीतकर आए है, परन्तु नगर पंचायत कार्यालय के मुख्य द्वार पर समाज वादी पार्टी का झंडा शान से लहरा रहा है।

नगर पंचायत कार्यालय में मुख्य द्वार पर लहरा रहे सपा के झंडे को देखकर भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता तो सकते में हैं, लेकिन शहरवासियों के लिए यह कोई अचरज की बात नहीं, क्योंकि नगर पंचायत अध्यक्ष श्री निराला की महात्वाकांक्षा एवं कार्यशैली बहुत समय से इसी ओर इशारा करती रही है कि श्री निराला को विधायक बनने की तीव्र इच्छा है। इसी इच्छा को देखकर शहरवासियों के लिए यह कोई अचंभे बाली बात नहीं है कि जहां भाजपा पार्टी का अध्यक्ष बैठा हो, वहां कार्यालय के द्वार पर सपा का झंडा लहरा रहा हो।

सभी को पता है कि कुछ माह पश्चात ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और इस चुनाव में सभी नेतागण विधायक का टिकिट पाने के लिए अभी से जी तोड़ कोशिश करने में लगे हुए हैं, लेकिन मजे की बात यह भी है कि जिन नेताओं को अपनी पार्टी से टिकिट नहीं मिला, तो वह नेता टिकिट की लालसा में दूसरी पार्टी में शामिल होने से भी पीछे नहीं रहेंगे। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए शहरवासियों के लिए नगर पंचायत के द्वार पर लहरा रहे सपा के झंडे को देखकर कोई अचंभा नहीं हो रहा, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता जरूर अचंभे में हैं।

क्योंकि भाजपा कार्यकर्ताओं को इस बात का अनुभव है कि चुनाव चुनाव के समय टिकिट की लालच में पार्टी बदली होना आम बात है। इस कारण भाजपा कार्यकर्ताओं को नगर पंचायत कार्यालय के मुख्य द्वार पर सपा का झंडा देखकर यह आशंका है कि कहीं अध्यक्ष महोदय श्री निराला सपा पार्टी में शामिल न हो जाएं। ज्ञात हो कि निवाड़ी विधानसभा क्षेत्र की विधायक मीरा-दीपक यादव सपा में उच्च स्तर पर बेहद सक्षम एवं ताकतबर हैं। इस कारण श्रीमती यादव किसी को टिकिट दिलवा भी सकती हैं।

इनका कहना है
नपं. निवाड़ी अध्यक्ष रमेश निराला भाजपा के चुनाव चिन्ह पर जीते हैं इसलिए सपा में जाने का तो प्रश्न ही नहीं उठता, रही बात मुख्य द्वार पर लगे झंडे की, तो इसकी मुझे जानकारी नहीं है। मैं इसका पता लगाऊंगा।
अभय यादव
भाजपा जिलाध्यक्ष, टीकमगढ़

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!