भोपाल। कांग्रेस महासचिव एवं मध्यप्रदेश के नवनियुक्त प्रभारी मोहन प्रकाश से नई दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने मुलाकात करके प्रदेश संगठन की गतिविधियों के संबंध में चर्चा की।
पार्टी सूत्रों के अनुसार श्री भूरिया ने श्री प्रकाश से लगभग आधा घंटे की मुलाकात के दौरान पांच माह बाद राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। प्रदेश संगठन की ओर से चुनाव के मद्देनजर हाल में घोषित की गई एक सौ दिन की कार्ययोजना के बारे में भी श्री प्रकाश ने जानकारी हासिल की। माना जा रहा है कि प्रदेश संगठन में कुछ और पदाधिकारियों की नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा हुई।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के काफी करीबी माने जाने वाले मोहन प्रकाश की राज्य के प्रभारी के रूप में नियुक्ति से माना जा रहा है कि आने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस के लिए मध्यप्रदेश बहुत अहम है और केंद्रीय नेतृत्व इस चुनाव में पार्टी की विजय सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोडऩा चाहता है।
बताया गया है कि टिकटों के वितरण से लेकर चुनाव प्रचार अभियान तक तमाम बातों पर केंद्रीय नेतृत्व गौर करेगा। क्योंकि विधानसभा चुनाव के बाद में लोकसभा चुनाव भी प्रस्तावित हैं। सूत्रों ने कहा कि श्री मोहन प्रकाश शीघ्र ही मध्यप्रदेश की यात्रा पर आएंगे। हालांकि उनकी यात्रा कम से कम एक सप्ताह बाद ही संभावित है।