भाजपा ने किया ग्वालियर पर फोकस, नाराज भाजपाईयों की मानमनोव्वल शुरू

shailendra gupta
ग्वालियर। मिशन 2013 की तैयारी में जुटी भाजपा को पार्टी के पुराने चेहरों की याद सताने लगी है। पार्टी अब ऐसे कार्यकर्ताओं को सामने लाने की कोशिश में है, जो पार्टी की मौजूदा राजनीति में खुद को असहज महसूस कर घर बैठ चुके हैं।

पार्टी के नगर एवं ग्राम केंद्र पालक और संयोजकों के दो दिवसीय प्रांतीय महाधिवेशन की तैयारियों में जुटे पार्टी नेताओं को प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि महाधिवेशन में नए कार्यकर्ता तो शामिल होंगे ही पर पार्टी के पुराने चेहरों का भी ध्यान रखा जाए।

श्री तोमर ने मंगलवार को मेला मैदान पर चल रही तैयारियों का निरीक्षण करने के बाद प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक में यह बात कही। इस मौके पर सांसद यशोधरा राजे सिंधिया, चिकित्सा शिक्षा मंत्री अनूप मिश्रा, संगठन मंत्री प्रदीप जोशी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। श्री तोमर ने कहा कि 31 मई और 1 जून को ग्वालियर में होने जा रहा महाधिवेशन पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। इसकी सफलता की जिम्मेदारी हम सब पर है। उन्होंने 30 मई को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों की भी जानकारी ली।

बैठक से पूर्व सुबह राज्यसभा सदस्य प्रो. कप्तानसिंह सोलंकी भी आयोजन की तैयारियों की जानकारी लेने मेला मैदान पर पहुंचे थे। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष और जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा, समीक्षा गुप्ता, बृजेंद्र सिंह जादौन, कमल माखीजानी आदि शामिल थे।

छोटी छोटी तैयारियां
महाधिवेशन में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं को पानी से लेकर भोजन के लिए खास इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही डॉक्टरों की एक टीम दस बिस्तर वाले अस्थायी अस्पताल की व्यवस्था के साथ मौजूद रहेगी। भोजन व्यवस्था के लिए अलग-अलग पंडाल लगाए जाएंगे, ताकि भीड़ और अव्यवस्था न हो। उधर आयोजन स्थल के प्रवेश द्वार पर ही हर कार्यकर्ता को ठंडे पानी की बोतल मुहैया कराई जाएगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!