ग्वालियर। हवा से भी तेज सनसनाती स्कार्पियो आई और एक आईएएस अफसर के बंगले की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। वो तो एक पेड़ बीच में आ गया और स्कार्पियो उस पर जा टिकी नहीं तो पता नहीं वो और क्या क्या तबाह करती।
मामला यूनिवर्सिटी थाने का है। पुलिस ने कार चालक को रात में ही गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार बुधवार की रात भोपाल में पदस्थ आईएएस अफसर विनोद कुमार के बंगले की दीवार तोड़ते हुए क्रीम कलर की स्कार्पियो क्रमांक एमपी 04 सीजे 7868 बंगले में जा घुसी। जैसे ही कार दीवार तोड़ते हुई बंगले में घुसी वहां ड्यूटी पर तैनात गार्ड सहम गए।
एक बार तो उन्होंने सोचा कि किसी ने हमला कर दिया है। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि दीवार तोड़ने के बाद भी उसकी रफ्तार कम नहीं हुई। बंगले में मौजूद गार्डों का कहना था कि अगर कार पेड़ से नहीं टकराती तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने कार मालिक नाथू पुत्र मंगला प्रसाद मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया।