छतरपुर। जवाहर रोड स्थित आईसीआईसीआई बैक के मैनेजर ने तीन बैंक उपभोक्ताओं के खाते से 28 लाख 47 हजार रुपए निकाल लिए। मामला प्रकाश में आने पर कोतवाली पुलिस ने मैनेजर और जूनियर मैनेजर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
कोतवाली थाना के एसआई एसबी मिश्रा ने बताया कि उपभोक्ता नंद किशोर पाठक, वीरेन्द्र नायक, संदीप नायक ने आईसीआईसीआई बैंक में खाता खोला और 11 जून 2012 को तीनों ने अपने खाते में 9-9 लाख रुपए जमा कर दिए। इसके बाद जूनियर मैनेजन दीपक गौर और मैनेजर शांतनु कौशिक ने सांठ गांठ कर संदीप नायक के खाते से 21 अगस्त 2012 को 9 लाख, 22 अगस्त को वीरेन्द्र नायक के खाते से करीब 8 लाख और 6 सितंबर को नंदकिशोर के खाते से भोपाल के विक्रम गौर के खाते में 9 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए।
हैरतअंगेज बात यह है कि अलग अलग तारीख को विक्रम गौर ने तत्काल रुपए आहरित भी कर लिए। जब तीनों उपभोक्ता अपने रुपए के आहरण के लिए बैंक पहुंचे तो खाते में बैलेंस देखकर भौचक्के रह गए। रुपए निकलने की भनक लगते ही तीनों ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई। जूनियर मैनेजर और मैनेजर के खिलाफ भादवि की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला कायम कर लिया है। आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर बताए गए हैं।