खरगोन। जिले के दो भाजपा नेताओं की शुक्रवार रात सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। भाजपा नेता खरगोन में आयोजित एक विवाह समारोह में भाग लेकर घर लौट रहे थे।
दिवंगत भाजपा नेताओं के नाम हैं कैलाश पटेल एवं मोहित पाठक। पटेल, सेगांव ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पूर्व भाजपा मंडल के अध्यक्ष थे, जबकि पाठक भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महाम़ंत्री थे।
हादसे के बारे में बताया गया कि, दोनों खरगोन में आयोजित विवाह समारोह में भाग लेकर लौट रहे थे कि सेगांव और उन के बीच उनकी मारूति कार सामने जा रहे ट्राले में घुस गई। इसका पता ट्राला चालक को नहीं चला और करीब 8 किलोमीटर तक कार ट्राले से घिसटती चली गई। तलकपुरा के पास जब कार ट्राले से अलग हुई, तब लोगों ने मौके पर जाकर देखा तब दोनों नेताओं के शव क्षत—विक्षत अवस्था में पड़े थे और कार भी क्षतिग्रस्त अवस्था में थी। नेताद्वय भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे। उनकी मृत्यु से क्षेत्र में शोक व्याप्त है।