भोपाल। डीआईजी आशा माथुर के सरकारी वाहन के ड्राइवर के भाई पर एक हवलदार ने पिस्टल से गोली चला दी। हालांकि वह बाल-बाल बच गया। घटना नेहरू नगर चौराहे पर रात करीब साढ़े दस बजे की है।
पुलिस के मुताबिक, नेहरू नगर चौराहे पर राजगढ़ में पदस्थ हवलदार दीपक चतुर्वेदी और कांस्टेबल आशीष झारिया का छोटा भाई मोनू झारिया साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर दीपक चतुर्वेदी ने झारिया को चाटा मार दिया।
झारिया पलटकर जैसे ही दीपक को मारने के लिए लपका, तो दीपक ने उस पर पिस्टल से गोली चला दी। झारिया बाल- बाल बच गए। गोली चलाने के बाद दीपक फरार हो गया। बाद में मोनू झारिया ने कमला नगर थाने में दीपक चतुर्वेदी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस आरोपी हवलदार की तलाश कर रही है।