इंदौर। लाफ्टर सिटी, मुंडी ग्राम के पास सोमवार दोपहर एक खेत में सिले हुए बोरे में बंद 60 वर्षीय महिला व्यापारी का शव मिला। वो कैटरिंग का काम करती थी। बोरे को सोलापुरी चादर से ढांक रखा था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या का मामला लग रहा है। सीएसपी पारुल बेलापुरकर ने बताया खेत मालिक किशोर काकवानी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि महिला की करीब 30 घंटे पहले मौत हुई।
पुलिस ने शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया की मदद ली। टीआई गिरीश कवरेती ने बताया जानकारी निकाली तो जूनी इंदौर में रविवार को एक महिला की गुमशुदगी का पता चला। परिवार के लोगों ने शव की शिनाख्त दुर्गा (60) पति थावरमल थारानी निवासी सिंधी कॉलोनी के रूप में की। महिला परिवार के साथ कैटरिंग का काम करती थी। 30 दिसंबर को घर से काम का बोलकर निकली थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
सोने की चूड़ियां, चेन और टॉप्स पहने थी महिला
महिला घर से निकली थी तब सोने की चार चूड़ियां, सोने की चेन और टॉप्स पहने थी। जब शव मिला, तब जेवर नहीं थे। संभवत: हत्या करने वाले ने ही जेवर निकाले होंगे। पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि दुर्गा को किसी महिला ने खाने के प्रोग्राम का बोला था। इसलिए ही वह उससे मिलने के लिए रिक्शा में गई थी। दुर्गा की हेल्पर ने उन्हें आखिरी बार देखा था।