भोपाल। बाघ शावक के शिकार मामले के बाद मध्यप्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह का बांधवगढ़ स्थित फॉर्म हाउस फिर विवादों में आ गया है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के कोर एरिया कि सीमा से लगे फॉर्म हाउस में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक महिला दुअसिया बाई समीप के गांव घघौड़ की रहने वाली थी। मंगलवार को मवेशी चराने जंगल की ओर गई थी, लेकिन वापस नहीं आई। बताया जा रहा है कि उसकी हत्या हुई है परंतु अभी तक यह नहीं बताया गया कि वो भाजपा नेता के फार्महाउस में कैसे पहुंची।
हिंसक जानवरों के हमले का शिकार होने की आशंका के मद्देनजर मृत महिला के परिजनों ने टाइगर रिज़र्व प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी जिसके बाद वन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल में सर्चिंग अभियान चलाया। तब जाकर दोपहर बाद मध्यप्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह के फॉर्म हाउस में महिला का शव बरामद हुआ है। महिला का शव देखने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात के सामने आने के बाद मानपुर पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले कि विवेचना शुरू कर दी है।
वन्य जीव विशेषज्ञों ने इस घटना को लेकर चिंता जाहिर कि है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के आस-पास अवैध गतिविधियों का संचालन बढ़ रहा है। वन्य जीव विशेषज्ञों कि मानें तो वन विभाग को ऐसी संपत्तियों को अपने अधिकार में ले लेना चाहिए जो वन्य जीव या मानव जीवन के लिए संकट उत्पन्न करें। बहरहाल महिला कि मौत किन परिस्थियों में हुई है, पुलिस इसकी जांच में जुटी है।